ब्रह्मोस मिसाइल में दिलचस्पी: फिलीपींस के बाद भारत से ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल खरीदने की तैयारी में इंडोनेशिया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। फिलीपींस के बाद अब इंडोनेशिया भी भारत से ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल खरीदने की तैयारी में है। इसे लेकर इंडोनेशिया की दिलचस्पी बढ़ी है। आपको बता दें इंडोनेशिया के रक्षा मंत्री सजफ्री स्यामसूद्दीन 26 से 28 नवंबर तक भारत दौरे पर आने वाले है, इसी दौरान इस महत्वपूर्ण सौदे पर चर्चा हो सकती है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हाल ही में लखनऊ में हुए एक ब्रह्मोस कार्यक्रम के दौरान इसकी पुष्टि भी की थी कि इंडोनेशिया ब्रह्मोस खरीदने में गंभीर रुचि रखता है और सौदा आगे बढ़ सकता है। इंडोनेशिया की यह रुचि दक्षिण-पूर्व एशिया में भारत की रक्षा साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक,स्यामसूद्दीन यह भारत यात्रा हाल ही के महीनों में दोनों देशों के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की लगातार बैठकों और परस्पर दौरों के बाद निश्चित हुई है। ब्रह्मोस मिसाइल के सौदे को लेकर दोनों देशों के बीच कूटनीतिक और रक्षा स्तर पर बातचीत तेजी से जारी है।
ब्रह्मोस भारत और रूस की ओर से संयुक्त रूप से विकसित किया गया एक उन्नत मिसाइल है, जिसे जमीन, समुद्र और हवा- तीनों प्लेटफॉर्म से दागा जा सकता है। इसकी रेंज 290 किलोमीटर, गति मैक 2.8 यानी ध्वनि की गति से लगभग तीन गुना अधिक है और इसकी सटीकता सर्वेश्रेष्ठ है।
आपको बता दें भारत फिलीपींस को ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों की तीसरी और आखिरी खेप देने की तैयारी में है, जिससे 2022 में हुए 375 मिलियन डॉलर के समझौते की आपूर्ति पूरी हो जाएगी। इससे पहले की खेपें 2024 और इसी साल की शुरुआत में भेजी जा चुकी हैं। फिलीपींस ब्रह्मोस मिसाइल खरीदने वाला भारत का पहला विदेशी ग्राहक है।
Created On :   20 Nov 2025 9:13 AM IST












