तोगड़िया का राम मंदिर के लिए अनशन शुरु, पीएम मोदी पर साधा निशाना

former vhp leader praveen togadia indefinite fast for ram mandir in ayodhya
तोगड़िया का राम मंदिर के लिए अनशन शुरु, पीएम मोदी पर साधा निशाना
तोगड़िया का राम मंदिर के लिए अनशन शुरु, पीएम मोदी पर साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। अयोध्या में राम मंदिर विवाद और प्रवीण तोड़गिया की जिद एक बार फिर ट्रेंड पर आ गई है। विश्व हिन्दू परिषद (VHP) के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया ने एक बार फिर राम मंदिर राग अलापते हुए मंगलवार से अपना अनिश्चितकालीन अनशन शुरू कर दिया है। राम मंदिर बनाने की मांग को लेकर तोगड़िया ने जो अनशन शुरु किया है, उसे खत्म करने के लिए आरएसएस के दिग्गज नेता भी कोशिश में जुटे हैं। अपना अनशन शुरू करते हुए तोगड़िया ने पीएम नरेंद्र मोदी पर भी देश में बढ़ रहे अपराध को लेकर सीधा वॉर किया है।

तोगड़िया ने नरेंद्र मोदी पर सीधा वॉर करते हुए कहा कि देश में महिलाएं असुरक्षित हैं। मासूम बच्चियों को शिकार बनाया जा रहा है और पीएम मोदी विदेश यात्रा पर निकल गए हैं। जानकारी के अनुसार प्रवीण तोगड़िया के अनिश्चितकालीन अनशन को रद्द करवाने के लिए आरएसएस की गुजरात इकाई के तीन शीर्ष नेताओं ने उनसे मुलाकात भी की थी, मगर तोगड़िया अपनी बात पर अडिग हैं। बता दें कि पिछले दिनों VHP के चुनाव के बाद तोगड़िया संगठन छोड़ चुके हैं।

राम मंदिर के लिए संसद में कानून बने
राम मंदिर की बात करते हुए तोगड़िया ने मोदी सरकार को अपना वादा भी याद दिलाया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2014 में हमने केंद्र में सरकार बनाने के लिए जनता से वादा किया था कि सरकार बनने पर अयोध्या में राम मंदिर के लिए संसद में कानून बनेगा। हमने समान नागरिक संहिता और धारा 370 हटाने जैसे वादे किए थे। मैं इन्हीं मुद्दों को लेकर संघ के पूर्व के निर्देश के अनुरूप अपनी मांग पर अडिग हूं।

VHP कार्यकर्ता भी जुड़े
प्रवीण तोगड़िया भले ही VHP के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष से हटा दिए गए हों, मगर अधिकतर कार्यकर्ता अब भी उनके साथ है। राम मंदिर के लिए तोगड़िया के द्वारा शुरु किए गए अनिश्चितकालीन अनशन से अब VHP के भी कार्यकर्ता जुड़ने लगे हैं। इस मौके पर खिले हुए चेहरे के साथ तोगड़िया ने कहा कि 14 अप्रैल को हुए विहिप के सांगठनिक चुनाव के बाद नए नेतृत्व के साथ उनका कोई मतभेद नहीं है। बता दें कि इस चुनाव में तोगड़िया के खेमे की पराजय हुई थी।

अपनी बात पूरी करते हुए तोगड़िया ने कहा कि मैं चाहता हूं कि मौजूदा नेतृत्व भी अयोध्या में राम मंदिर निर्माण की मांग समेत हिन्दुत्व से जुड़े अन्य मुद्दों पर अडिग रहे। इसके लिए वह उनके साथ यहां अनशन में जुड़ सकता है या अलग से नई दिल्ली में विहिप कार्यालय में अनशन करे।

पीएम मोदी पर साधा निशाना
अनशन के दौरान तोगड़िया ने अपने पुराने मित्र और पीएम नरेन्द्र मोदी पर भी निशाना साधा। मोदी को निशाने पर लेते हुए तोगड़िया ने कहा कि आज देश में महिलाएं बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं हैं। यहां मासूम बच्चियों के साथ रेप किया जा रहा है, उन्हें दरिंदगी का शिकार बनाया जा रहा है। इनके अलावा आज देश में अन्नदाता किसान और बॉर्डर पर सुरक्षा कर रहे जवानों की हालत भी ठीक नहीं है और वे भी आज असुरक्षित हैं। ऐसे में पीएम मोदी इन समस्याओं से निपटने के बजाए विदेश दौरे पर निकल गए हैं।

Created On :   17 April 2018 12:10 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story