Onion Export Ban: देश में 50 रुपए किलो प्याज के भाव, केंद्र सरकार ने देश से बाहर निर्यात पर तत्काल प्रभाव से लगाई रोक

Onion Export Ban: देश में 50 रुपए किलो प्याज के भाव, केंद्र सरकार ने देश से बाहर निर्यात पर तत्काल प्रभाव से लगाई रोक
हाईलाइट
  • केंद्र सरकार ने प्याज की सभी किस्मों के निर्यात पर लगाई रोक
  • देश में प्याज की कीमत 50 रुपए किलो से ज्यादा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश में प्याज की कीमत 50 रुपए किलो से ज्यादा पर पहुंच गई है। ऐसे में अब देश के बाहर प्याज का निर्यात नहीं किया जाएगा। केंद्र सरकार ने आज (सोमवार, 14 सितंबर) से प्याज की सभी किस्मों के निर्यात पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। सरकार ने यह फैसला देश में प्याज की उपलब्धता को बढ़ाने और घरेलू बाजार में इसकी लगातार बढ़ती कीमत को नियंत्रित करने के लिए लिया है।

विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) की ओर से जारी एक अधिसूचना में कहा गया, "प्याज की सभी किस्मों के निर्यात पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया जाता है।"  DGFT वाणिज्य मंत्रालय का अंग है जो आयात-निर्यात संबंधी मामलों को देखता है। बता दें कि दक्षिण भारत के राज्यों में भारी बारिश के चलते इस बार प्याज की फसल को खासा नुकसान हुआ है। इसके चलते घरेलू बाजार में प्याज की कीमतें भी काफी बढ़ रही हैं। थोक मंडियों में आठ अगस्त के बाद से प्याज की कीमत बढ़ रही है। 

भारत ने अप्रैल से जून के बीच करीब 19.8 करोड़ डॉलर के प्याज का निर्यात किया है। पिछले साल 44 करोड़ डॉलर के प्याज का निर्यात किया गया था। भारत से सबसे ज्यादा प्याज का निर्यात श्रीलंका, बांग्लादेश, मलयेशिया और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को होता है। 

पिछले साल भी लगाया था प्रतिबंध
इससे पहले सरकार ने सितंबर 2019 में भी प्याज के निर्यात पर रोक लगाई थी। उस समय मांग और आपूर्ति में बहुत ज्यादा अंतर आ जाने की वजह से प्याज की कीमतें आसमान छूने लगी थीं। महाराष्ट्र जैसे प्रमुख प्याज उत्पादक राज्यों में बारिश और बाढ़ के चलते प्याज की फसल को भारी नुकसान पहुंचा था।  

Created On :   14 Sep 2020 5:34 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story