कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, मुंबई में लोगों को घरों में रहने की हिदायत

कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, मुंबई में लोगों को घरों में रहने की हिदायत
हाईलाइट
  • 9 से 12 जून तक आंधी तूफान के साथ बारिश की चेतावनी।
  • देश के 12 राज्यों में भारी बारिश की संभावना।
  • मुंबई में भारी बारिश के बाद अलर्ट।
  • मुंबई में लोगों को घरों में रहने की सलाह
  • मछुआरों को तटों पर जाने से मना किया गया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पूरे देश में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, तो कुछ राज्यों में मानसून से पहले ही बारिश ने मौसम सुहाना कर दिया है। मानसून ने मुंबई में दस्तक दे दी है। अब मानसून दक्षिणी राज्यों सहित महाराष्ट्र से गुजरात की तरफ बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने शनिवार को देश के करीब 12 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

 

 

 

मानसून से पहले कई राज्यों में हुई बारिश

शुक्रवार को बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में मानसून के पहले की बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल गई है। इन राज्यों में बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं में करीब 48 लोगों की मौत भी हो गई। वहीं शनिवार को भोपाल में जमकर बारिश हुई। जिसके बाद मौसम में ठंडक घुल गई लेकिन खेतों में कट रही मूंग को लेकर किसान परेशान रहे। लगातार हो रही बारिश से शहर के ड्रेनेज की कलई खुल गई जगह-जगह बारिश के पानी के डबरे भर गए। कर्नाटक के तटीय इलाकों में तेज बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं ओडिशा और छत्तीसगढ़ में मानसून समय से पहले पहुंच गया।  मौसम विभाग ने 9 जून को महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, मिजोरम, नगालैंड, मणिपुर, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना,केरल, ओडिशा और त्रिपुरा में भारी बारिश की आशंका जताई है। वहीं दिल्ली, यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में तूफान और गरज- चमक के भी आसार हैं।

 

 

मुंबई में बारिश से आफत, लोगों को घरों में रहने की सलाह 

 


 

 

वहीं मुंबई में आफत बनी मूसलाधार बारिश से परेशान लोगों को फिलहाल राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने मुंबई सहित महाराष्ट्र के उत्तरी तटीय क्षेत्र में 9 से 12 जून तक भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में पहले से पानी-पानी हो चुकी मुंबई के हालातों को देखते हुए लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई है। 12 जून तक मछुआरों को भी कोंकण और गोवा तट पर समुद्र में उतरने के लिए मना किया गया है।  मौसम विभाग के मुताबिक मुंबई के अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश के आसार हैं। तटीय राज्य कर्नाटक, गोवा और दक्षिण महाराष्ट्र में 10 जून तक बारिश की गतिविधि बढ़ने का अनुमान है। 

 

 

10 जून को कई राज्यों में आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना

10 जून को कोंकण, गोवा, कर्नाटक, ओडिशा, पश्चिम बंगाल के गंग तटीय इलाके, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, विदर्भ और केरल में भारी बारिश की संभावना है। जबकि हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में धूल भरी आंधी के साथ तूफान और बिजली चमकने की आशंका है।
 

Created On :   9 Jun 2018 4:28 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story