मौसम अपडेट: उत्तराखंड में नहीं थमेगी बारिश, राजस्थान में जलभराव से लोग परेशान, महाराष्ट्र में अलर्ट जारी, जानें देशभर में कैसा रहेगा आज का मौसम?

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देशभर में मॉनसून पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। कई राज्यों में बारिश ने इस कदर अपना भयानक रूप दिखाया है कि बाढ़ और जलभराव की नौबत आ गई। एक ओर राजस्थान के कई इलाकों में लोग जलभराव से परेशान हैं तो दूसरी तरफ हिमाचल प्रदेश में बादल फटने से बाढ़ आ गई है। इसके अलावा महाराष्ट्र के कई शहरों में गुरुवार (3 जुलाई) को तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट भी जारी कर दिया है। मौसम विभाग (आईएमडी) का कहाना है कि इस महीने (जुलाई) काफी ज्यादा बारिश होने की संभावना है। इनमें मध्य, उत्तर और पूर्वी भारत के राज्य शामिल हैं। वहीं, तमिलनाडु सहित कुछ दक्षिणी इलाकों में सब के मुकाबले बारिश कम देखने को मिलेगी।
उत्तराखंड में अलर्ट जारी
उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। आईएमडी के मुताबिक, आज भी राज्य के कई इलाकों में बारिश होने की आशंका जताई जा रही है। देहरादून के मोहकमपुर, जौलीग्रांट, मालदेवता, अशारोड़ी, और सहस्त्रधारा में येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में आज का अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा।
राजस्थान में हालात कैसे?
भारी बारिश के बाद राजस्थान के जोधपुर शहर के कई हिस्सों में जलभराव देखे को मिल रहा है। इतना पानी भरा है कि सड़कों को देख पाना मुश्किल हो गया है। साथ ही, गाड़ियों के टायर पूरी तरह डूब गए हैं। याताया पर बुरा असर पड़ रहा है। कई लोगों को जाम का भी सामना करना पड़ रहा है।
हिमाचल प्रदेश में हाहाकार
मंगलवार को 11 से 15 जगहों पर बादल फटने से काफी तबाही मच गई। कई इलाकों में बाढ़ आने से लोग परेशान हैं। करीब 30 लोग लापता बताए जा रहे हैं। वहीं, 16 की मौत की जानकारी सामने आई है। केवल जान का ही नहीं बल्कि मकानों और यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हैं।
दिल्ली में कैसे रहेगा मौसम?
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को हल्की-फुल्की बारिश के साथ गरज या बादल छाए रहने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में उमस भी बढ़ सकती है। राज्य में आज का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा।
Created On :   3 July 2025 9:30 AM IST