ज्योतिरादित्य सिंधिया ने साधा BJP पर निशाना, बोले - हिंदू धर्म उनकी बपौती नहीं

jyotiraditya scindia said hinuism is not the betrayal of BJP
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने साधा BJP पर निशाना, बोले - हिंदू धर्म उनकी बपौती नहीं
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने साधा BJP पर निशाना, बोले - हिंदू धर्म उनकी बपौती नहीं

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश में आगामी चुनाव को देखते हुए सियासत गरमा चुकी है। BJP और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां अपने-अपने चुनाव प्रचार के लिए कमर कस कर तैयारियां शुरू कर दी हैं और एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी का भी सिलसिला शुरू हो चुका है। मंगलवार को कांग्रेस चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भोपाल में BJP पर करारा हमला बोला है। नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के पदभार ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने पहुंचे सिंधिया ने BJP पर निशाना साधते हुए कहा कि हिंदू धर्म भारतीय जनता पार्टी की बपौती नहीं है।

वर्तमान सरकार की रवानगी का क्रम शुरू
मध्यप्रदेश के गुना से लोकसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि, "हिंदू धर्म या कोई भी धर्म BJP की बपौती नहीं है, हिंदू धर्म पूरे हिन्दुस्तान का धर्म है, और हिन्दुस्तान वह है जिसने चार धर्मों को जन्म दिया है।" उन्होंने कहा कि देश में  धर्मनिरपेक्षता, सांप्रदायिक सद्भाव और सभी धर्मों के लोगों के बीच के मेलजोल को बचाए रखने का काम सिर्फ कांग्रेस का नहीं बल्कि भारत के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। सिंधिया ने कहा कि, "राज्य के युवा, महिलाएं, मजदूर सभी परेशानियों से घिरे हुए हैं और वे इस सरकार को इन चुनावों में उखाड़ फेंकने का मन बना चुके हैं। अब वर्तमान सरकार की रवानगी का क्रम शुरू हो चुका है।" 

शक्ति प्रदर्शन के साथ कमलनाथ ने संभाली कमान 
कांग्रेस नेता ने कहा कि, "अभी तो BJP सरकार की रवानगी का आगाज हुआ है। अब तक एक बात तो तय हो चुकी है कि इस बार प्रदेश में महिलाओं, नौजवानों और किसानों की सरकार बनेगी।" बता दें कि इस साल के अंत तक होने वाले चुनाव को मद्देनजर रखते हुए पार्टी के आलाकमान ने कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व में बदलाव करते हुए पार्टी की कमान पूर्व केंद्रीय मंत्री कमलनाथ के हांथों में सौंपी है। वहीं ज्योतिरादित्य सिंधिया को चुनाव प्रचार अभियान समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। मध्य प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष कमलनाथ ने मंगलवार को शक्ति प्रदर्शन के साथ कांग्रेस की कमान संभाल ली है। 

Created On :   1 May 2018 5:57 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story