SSR Case: सुशांत के पिता के वकील का सवाल- रिया किस हैसियत से मॉर्च्यूरी में गई, मुंबई पुलिस ने इजाजत दी है तो इसका जवाब देना होगा 

SSR Case: सुशांत के पिता के वकील का सवाल- रिया किस हैसियत से मॉर्च्यूरी में गई, मुंबई पुलिस ने इजाजत दी है तो इसका जवाब देना होगा 

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह के वकील विकास सिंह ने एक्टर की मौत के बाद रिया चक्रवर्ती के शवगृह पहुंचने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि सुशांत सिंह की जब मौत हुई तब उनका रिया से कोई संबंध नहीं था। ऐसे में रिया का शवगृह जाना शक पैदा करता है। विकास सिंह ने इस बात को लेकर मुंबई पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए हैं। 

उन्होंने कहा कि मुझे समझ नहीं आता रिया किस हैसियत से मॉर्च्यूरी में गई। 8 जून को उनका लिविंग रिलेशनशिप भी खत्म हो गया था। इसके बाद सुशांत की जिंदगी में उनका कोई स्टेटस नहीं था। अगर वो गई हैं तो गैर कानूनी तरीके से गई। विकास सिंह ने कहा कि मुंबई पुलिस को इस बात का जवाब देना होगा कि उन्होंने पोस्टमार्टम से पहले रिया चक्रवर्ती को शवगृह में प्रवेश करने की अनुमति कैसे दी। उन्होंने कहा कि सबूतों से छेड़छाड़ की संभावना है। विकास ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब सही तरह से जांच शुरू हुई है। उम्मीद करते हैं कि CBI जल्द ही मामले की तह तक पहुंचेगा और जल्द कुछ खुलासा होगा।

सिंह ने कहा है कि पूछताछ के लिए रिया को हिरासत में लिया जा सकता है। बता दें कि पिछले महीने केके सिंह ने रिया चक्रवर्ती के खिलाफ पटना में मामला दर्ज करवाते हुए आरोप लगाया था कि रिया ने उनके बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाया था और उसके पैसे भी हड़पने की कोशिश की थी। 

वहीं सीबीआई की ओर से 15 सदस्यीय टीम गुरुवार को मुंबई पहुंची थी और आज सुबह से सीबीआई की टीम एक्शन मोड में है। जांच टीम ने इस केस से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। इस कड़ी में सीबीआई ने सबसे पहले दिवंगत अभिनेता के बावर्ची नीरज से पूछताछ की। नीरज वही हैं जिन्होंने बताया था कि सुशांत सिंह राजपूत ने उनसे जूस मांगा था। वह जूस लेकर सुशांत को देने गए थे। जिसके बाद अभिनेता ने दरवाजा बंद कर लिया था। उनकी आखिरी बार बात यही हुई थी। मुंबई पुलिस और बिहार पुलिस ने भी जांच के दौरान नीरज से पूछताछ की थी।

 

 

Created On :   21 Aug 2020 2:55 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story