सात राज्यों की 51 सीटों पर मतदान आज, राहुल-सोनिया समेत कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर

Lok Sabha elections Phase 5, voting across seven states in 51 constituencies
सात राज्यों की 51 सीटों पर मतदान आज, राहुल-सोनिया समेत कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर
सात राज्यों की 51 सीटों पर मतदान आज, राहुल-सोनिया समेत कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। सात राज्यों के कुल 51 निर्वाचन क्षेत्रों में आज चुनाव के पांचवें चरण में मतदान होने जा रहा है। करीब नौ करोड़ मतदाता 674 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। गृह मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस प्रमुख राहुल गांधी, यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी सहित कई प्रमुख नेता लोकसभा चुनाव के इस चरण में मैदान में हैं। इसके अलावा आंध प्रदेश के तीन जिलों में तीन विधानसभा और पांच लोकसभा क्षेत्रों के लिए पांच मतदान केंद्रों पर पुन: मतदान किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश में चौदह सीटें, राजस्थान में 12, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश में सात-सात सीटें, बिहार में पांच और झारखंड में चार सीटों पर आज मतदान होगा। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के लद्दाख और अनंतनाग निर्वाचन क्षेत्रों में भी चुनाव के पांचवें चरण में वोट डाले जाएंगे। इस साल कश्मीर डिवीजन से अलग होने के बाद लद्दाख डिवीजन में यह पहला चुनाव है। सत्तारूढ़ भाजपा और उसके सहयोगियों ने 2014 में इन सीटों में से 40 सीटों पर कब्जा किया था। कांग्रेस को दो जबकि बाकी सीटें तृणमूल कांग्रेस (7) जैसे अन्य विपक्षी दलों को मिली थी।

इन सीटों पर होगा मतदान:
बिहार (5 सीटें): सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, सारण, हाजीपुर

जम्मू और कश्मीर (2 सीटें): अनंतनाग (शोपियां और पुलवामा जिले), लद्दाख

झारखंड (4 सीटें): कोडरमा, रांची, खुंटी, हजारीबाग

मध्य प्रदेश (7 सीटें): टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, सतना, रीवा, होशंगाबाद, बैतूल

राजस्थान (12 सीटें): गंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनू, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा, नागौर

उत्तर प्रदेश (14 सीटें): धौरहरा, सीतापुर, मोहनलालगंज, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी, बाराबंकी, फैजाबाद, बहराइच, कासगंज, गोंडा

पश्चिम बंगाल (7 सीटें): बनगांव, बैरकपुर, हावड़ा, उलेबेरिया, श्रीरामपुर, हुगली, आरामबाग

इन सीटों पर रहेगी नजर:
पांचवें चरण में कई हाई-प्रोफाइल सीटों पर मतदान होगा। इसमें उत्तर प्रदेश में रायबरेली और अमेठी - दोनों निर्वाचन क्षेत्र शामिल है जो कांग्रेस के पारंपरिक गढ़ माने जाते हैं। सांसद और कांग्रेस प्रमुख राहुल गांधी चौथी बार अमेठी सीट जीतना चाहते हैं। उनकी मुख्य चुनौती केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी हैं, जिन्होंने 2014 में राहुल की जीत के अंतर को एक लाख के करीब ला दिया था।

रायबरेली में, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी को कांग्रेस के पूर्व नेता दिनेश प्रताप सिंह के खिलाफ खड़ा किया गया है, जिन्होंने हाल ही में भाजपा का दामन थामा है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस उम्मीदवार जितिन प्रसाद धौरहरा से पूर्व कुख्यात डकैत रहे मलखान सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। मलखान सिंह को शिवपाल यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी-लोहिया ने मैदान में उतारा है।

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ से चुनावी मैदान में हैं। उनका मुकाबला शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम और कांग्रेस के प्रमोद कृष्णम से हैं।

बता दें कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के लिए यह एक महत्वपूर्ण चरण है क्योंकि उसने 2014 के लोकसभा चुनावों में पांचवें चरण की 14 में से 12 सीटें जीती थीं। कांग्रेस ने केवल रायबरेली और अमेठी - दो निर्वाचन क्षेत्रों में जीत हासिल की थी। राज्य की कुल 80 सीटों में से कांग्रेस केवल इन्हीं सीटों को जीतने में सफल रही थी।

झारखंड में दो पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, झारखंड विकास मोर्चा (प्रजातांत्रिक) के नेता और भाजपा के अर्जुन मुंडा क्रमशः कोडरमा और खुंटी सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री जयंत सिन्हा हजारीबाग से चुनावी मैदान में हैं।

पूर्व रेल मंत्री और टीएमसी उम्मीदवार दिनेश त्रिवेदी पश्चिम बंगाल के बैरकपुर से भाजपा के अर्जुन सिंह और सीपीएम के गार्गी चटर्जी के खिलाफ लड़ रहे हैं। चार बार टीएमसी विधायक रहे अर्जुन सिंह ने इस साल की शुरुआत में बीजेपी का दामन थामा था।

राजस्थान के जयपुर ग्रामीण सीट पर पूर्व ओलंपियन राज्यवर्धन राठौर (भाजपा) का मुकाबला कांग्रेस की कृष्णा पूनिया से होगा। बीकानेर में केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल (भाजपा) को अपने चचेरे भाई और पूर्व आईपीएस अधिकारी कांग्रेस के उम्मीदवार मदनगोपाल मेघवाल से कड़ी टक्कर मिल रही है।

Created On :   5 May 2019 6:26 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story