मप्र: शिवराज कैबिनेट का विस्तार, 28 मंत्रियों ने ली शपथ, सिंधिया का दबदबा, देखिए मंत्रिमंडल की पूरी लिस्ट

मप्र: शिवराज कैबिनेट का विस्तार, 28 मंत्रियों ने ली शपथ, सिंधिया का दबदबा, देखिए मंत्रिमंडल की पूरी लिस्ट
हाईलाइट
  • मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मंत्रिमंडल का विस्तार
  • राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने नए मंत्रियों को दिलाई शपथ

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश में बीजेपी की सरकार बनने के 100 दिन बाद आज (गुरुवार, 2 जुलाई) शिवराज सिंह चौहान के मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ। प्रदेश की प्रभारी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजभवन में 28 मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसमें 20 कैबिनेट मंत्री और 8 राज्य मंत्रियों को शामिल किया गया है। बीजेपी विधायक गोपाल भार्गव ने वित्त मंत्री पद की शपथ ली। विजय शाह, यशोधरा राजे सिंधिया, जगदीश देवड़ा समेत 28 नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। वहीं शिवराज कैबिनेट के विस्तार में कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए दिग्गज नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया का दबदबा दिखाई दिया। सिंधिया खेमे के दर्जनभर लोगों को शपथ दिलाई गई। 

LIVE Update:

ज्योतिरादित्य सिंधिया खेमे की इमरती देवी, प्रभु राम चौधरी और प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मंत्री पद की शपथ ली। प्रद्युम्न सिंह तोमर ग्वालियर सीट से कांग्रेस के विधायक थे और अब बीजेपी में शामिल हो गए हैं।

ज्योतिरादित्य सिंधिया की बुआ और बीजेपी विधायक यशोधरा राजे सिंधिया ने भी मंत्री पद की शपथ ली। एंदल सिंह कंसाना, विजेंद्र प्रताप सिंह ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

बीजेपी विधायक गोपाल भार्गव ने वित्त मंत्री पद की शपथ ली। मल्हारगढ़ से विधायक जगदीश देवड़ा, महू विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक ऊषा ठाकुर, विजय शाह ने शपथ ली।  

मध्य प्रदेश के जावद सीट से विधायक ओपी सकलेचा ने मंत्री पद की शपथ ली। बीजेपी का आदिवासी चेहरा माने जाने वाले प्रेम सिंह पटेल ने भी शपथ ली। उज्जैन से बीजेपी विधायक मोहन यादव ने मंत्री पद की शपथ ली। इन्हें केंद्र में जेपी नड्डा और धर्मेंद्र प्रधान का करीबी माना जाता है।

सिंधिया के खास पोहरी सीट से विधायक रहे सुरेश धाकड़ ने भी राज्य मंत्री पद की शपथ ली। यह पहली बार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़कर विधानसभा पहुंचे थे। राज्य मंत्री पद की शपथ लेने वाले गिर्राज डंण्डोतिया मध्य प्रदेश के दिमनी से विधायक थे, लेकिन सिंधिया के साथ वह भी बीजेपी में शामिल हो गए थे।

मुंगावली सीट से विधायक बृजेंद्र सिंह यादव, शुजालपुर से विधायक इंदर सिंह परमार, रामकिशोर, ग्वालियर ग्रामीण सीट से विधायक भारत सिंह कुशवाह और अमरपाटन सीट से विधायक रामखेलावन पटेल ने राज्य मंत्री पद की शपथ ली। रामखेलावन ने राजनीति की शुरुआत बीएसपी से की थी और बाद में बीजेपी में शामिल हो गए थे।

वहीं ज्योतिरादित्य सिंधिया राज्यसभा सांसद बनने के बाद पहली बार भोपाल पहुंचे हैं। सिंधिया शपथ ग्रहण कार्यक्रम में शामिल हुए।

देखिए शिवराज मंत्रिमंडल की पूरी लिस्ट...

शिवराज कैबिनेट के मंत्री-
1. गोपाल भार्गव
2. विजय शाह
3. जगदीश देवड़ा
4. बिसाहूलाल सिंह
5. यशोधरा राजे सिंधिया
6. भूपेंद्र सिंह
7. एंदल सिंह कंषाना
8. बृजेंद्र प्रताप सिंह
9. विश्वास सारंग
10. इमरती देवी
11. प्रभु राम चौधरी
12. प्रद्युम्न सिंह तोमर
13. ऊषा ठाकुर
14. महेंद्र सिंह सिसोदिया
15. प्रेम सिंह पटेल
16. मोहन यादव
17. ओमप्रकाश सकलेचा
18. अरविंद भदौरिया
19. हरदीप सिंह डंग
20. राज्यवर्द्धन सिंह

राज्यमंत्री- 
21. भारत सिंह कुशवाहा 
22. इंदर सिंह परमार
23. बृजेंद्र सिंह यादव
24. गिर्राज डण्डोतिया
25. सुरेश धाकड़ 
26. रामखेलावन पटेल
27. ओपी एस भदौरिया
28. राम (नानो) किशोर कांवरे

कैबिनेट विस्तार से पहले बुधवार को सीएम शिवराज ने मीडिया से बातचीत के दौरान राज्य भाजपा में चल रहे असंतोष और मंत्रिमंडल को लेकर पार्टी में चल रहे मंथन के सवाल पर कहा था कि मंथन में तो अमृत निकलता है, विष तो शिव पी जाते हैं। मंत्रिमंडल विस्तार से पहले शिवराज के इस बयान के कई मायने निकाले जा रहे हैं। मुख्यमंत्री चौहान दो दिन दिल्ली में रहने के बाद मंगलवार को भोपाल लौटे। उनका दिल्ली प्रवास मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर ही था।

23 मार्च को चौथी बार सीएम बने शिवराज  
गौरतलब है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ उनके समर्थक 6 मंत्रियों समेत 22 विधायकों ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद 20 मार्च को कमलनाथ को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था और 15 महीने पुरानी कांग्रेस सरकार गिर गई थी। 23 मार्च को शिवराज चौहान ने चौथी बार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके 28 दिन बाद 5 मंत्रियों वाली कैबिनेट ने 21 अप्रैल को शपथ ली थी। 

 

Created On :   2 July 2020 2:37 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story