ओडिशा: वोटिंग से पहले पोलिंग पार्टी पर नक्सली हमला, चुनाव पर्यवेक्षक की हत्या

Naxal attack on polling officials in Odisha, one Polling supervisor killed
ओडिशा: वोटिंग से पहले पोलिंग पार्टी पर नक्सली हमला, चुनाव पर्यवेक्षक की हत्या
ओडिशा: वोटिंग से पहले पोलिंग पार्टी पर नक्सली हमला, चुनाव पर्यवेक्षक की हत्या
हाईलाइट
  • ओडिशा में मतदान से पहले पोलिंग पार्टी पर नक्सली हमला। 
  • चुनाव पर्यवेक्षक संयुक्ता दिग्गल की गोली मारकर हत्या।

डिजिटल डेस्क, भुवनेश्वर। ओडिशा में दूसरे चरण के मतदान के पहले नक्सलियों ने पोलिंग पार्टी पर हमला कर दिया। कंधमाल के गोछापाड़ तहसील के बालांदापाड़ा में नक्सलियों ने चुनाव पर्यवेक्षक संयुक्ता दिग्गल की गोली मारकर हत्या भी कर दी। हमला उस वक्त हुआ जब पोलिंग पार्टी चुनाव पर्यवेक्षक संयुक्ता दिग्गल के नेतृत्व में बूथ की ओर जा रही थी।

दरअसल ओडिशा में कुल 21 लोकसभा सीटे हैं। यहां लोकसभा चुनाव के साथ-साथ विधानसभा चुनाव भी हो रहे हैं। आज (गुरुवार) ओडिशा में पांच लोकसभा सीट और 35 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हो रहा है। मतदान से ठीक एक दिन पहले यानी बुधवार को ओडिशा के कंधमाल में नक्सलियों ने चुनाव पर्यवेक्षक संयुक्ता दिग्गल को मौत के घाट उतार दिया। जानकारी के मुताबिक, पोलिंग पार्टी पर नक्सली हमला उस वक्त हुआ जब चुनाव पर्यवेक्षक संयुक्ता दिग्गल के नेतृत्व में पोलिंग पार्टी बूथ की ओर जा रही थी। ठीक उसी समय गोछापाड़ा में बारूदी सुरंग में विस्फोट हुआ। जिसकी वजह से पोलिंग पार्टी वहां रुक गई। तभी नक्सलियों ने चुनाव पर्यवेक्षक दिग्गल पर गोली चला दी।

पार्टी के अन्य सदस्य सुरक्षित
चुनाव पर्यवेक्षक संयुक्ता दिग्गल गाड़ी से बाहर आकर सड़क पर खड़ी थीं उस वक्त गोली चलाई गई। सिर में गोली लगने से दिग्गल गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें फौरन जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हालांकि इस हमले में पोलिंग पार्टी के अन्य सदस्य जान बचाने में सफल रहे। बाद में नक्सलियों ने पोलिंग पार्टी के काफिले में शामिल वाहनों को आग के हवाले कर दिया। इससे कुछ समय पहले नक्सलियों ने फिरिंगिया के मुंगुनिपाड़ा में निर्वाचन अधिकारियों को ले जाने वाले एक वाहन में आग लगा दी थी।
 

Created On :   18 April 2019 7:12 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story