प्रियंका ने कहा- चौकीदार अमीरों की ड्यूटी करते हैं, योगी ने किया पलटवार

Priyanka gandhi attack on pm modi chowikdar campaign on twitter
प्रियंका ने कहा- चौकीदार अमीरों की ड्यूटी करते हैं, योगी ने किया पलटवार
प्रियंका ने कहा- चौकीदार अमीरों की ड्यूटी करते हैं, योगी ने किया पलटवार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के लिए पार्टियों ने अपनी कवायद तेज कर दी है। दावेदारों के बीच टिकट को लेकर जोर-आजमाइश जारी है। इधर नेता एक-दूसरे पर हमला करने से पीछे नहीं हट रहे हैं। भाजपा जहां चौकीदार कैंपेन चला रही है, वहीं राहुल गांधी रैलियों में "चौकीदार चोर है" नारों से भाजपा को घेर रहे है। इधर कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तरप्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा है। प्रियंका ने यूपी के गन्ना किसानों को बकाया नहीं मिलने संबंधी एक रिपोर्ट ट्विटर पर शेयर की है।

उन्होंने ट्वीट किया कि, गन्ना किसानों के परिवार दिनरात मेहनत करते हैं। मगर उप्र सरकार उनके भुगतान का भी जिम्मा नहीं लेती। किसानों का 10000 करोड़ बकाया मतलब उनके बच्चों की शिक्षा, भोजन, स्वास्थ्य और अगली फसल सबकुछ ठप्प हो जाता है। यह चौकीदार सिर्फ अमीरों की ड्यूटी करते हैं, गरीबों की इन्हें परवाह नहीं। 

 

योगी ने किया पलटवार
प्रियंका गांधी के ट्वीट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पलटवार किया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने दो लगातार ट्वीट कर प्रियंका और कांग्रेस को जवाब दिया। उन्होंने पहले ट्वीट में लिखा, "हमारी सरकार जब से सत्ता में आई है, हमने लंबित 57,800 करोड़ का गन्ना बकाया भुगतान किया है। ये रकम कई राज्यों के बजट से ज्यादा है। पिछली सरकारों ने गन्ना किसानों के लिए कुछ नहीं किया जिससे किसान भुखमरी का शिकार हो रहा था।" 

 

सीएम योगी ने दूसरा ट्वीट कर लिखा कि, किसानों के ये तथाकथित हितैषी तब कहां थे जब 2012 से 2017 तक किसान भुखमरी की कगार पर था। इनकी नींद अब क्यों खुली है? प्रदेश का गन्ना क्षेत्रफल अब 22 प्रतिशत बढ़कर 28 लाख हेक्टेयर हुआ है और बंद पड़ी कई चीनी मिलों को प्रदेश में दोबारा शुरू किया है। किसान अब खुशहाल हैं। 

 

बोट के बाद अब प्रियंका करेंगी ट्रेन यात्रा
वहीं प्रियंका गांधी बोट यात्रा के बाद अब ट्रेन यात्रा करेंगी। इससे पहले उन्होंने प्रयागराज से वाराणसी तक बोट से गंगा यात्रा की थी। सूत्रों के अनुसार प्रियंका दिल्ली से कानपुर तक की यात्रा करेंगी। उनकी यह यात्रा अगले सप्ताह प्रस्तावित है। 

Created On :   24 March 2019 7:46 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story