Protest: मुंबई में भी जेएनयू हिंसा का विरोध, 'फ्री कश्मीर' पोस्टर पर जमकर बवाल, युवती ने मांगी माफी

Protest: मुंबई में भी जेएनयू हिंसा का विरोध, 'फ्री कश्मीर' पोस्टर पर जमकर बवाल, युवती ने मांगी माफी
हाईलाइट
  • छात्रों पर हमले के दोषियों को पकड़ने की मांग की
  • जेएनयू घटना के खिलाफ जमकर नारेबाजी की
  • मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया पर सोमवार शाम जुटे लोग

डिजिटल डेस्क, मुंबई। नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू युनिवर्सिटी (जेएनयू) में छात्रों के साथ मारपीट की घटना के विरोध में गेटवे ऑफ इंडिया पर प्रदर्शन कर रही एक लड़की के ‘फ्री कश्मीर’ लिखा पोस्टर दिखाने पर भाजपा ने मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है। वहीं पर्यटन मंत्री आदित्य ठाकरे ने लड़की का बचाव करते हुए कहा है कि ऐसा करने वाले का इरादा क्या था यह भी महत्वपूर्ण हैं। विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस और राज्य के जल संसाधन मंत्री जयंत पाटील तो इस मुद्दे पर ट्वीटर पर ही भिड़ गए।

फडणवीस ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘विरोध प्रदर्शन किस लिए था। कश्मीर की आजादी के नारे क्यों। हम अलगाववादी ताकतों को मुंबई में कैसे बर्दाश्त कर सकते हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय से सिर्फ दो किलोमीटर की दूरी पर आजादी गैंग कश्मीर की आजादी के नारे लगा रहा है। उद्धव जी क्या अपनी नाक के नीचे कश्मीर की आजादी और भारत विरोधी मुहिम को बर्दाश्त करेंगे।’ इसके जवाब में जल संसाधन मंत्री व प्रदेश राकांपा अध्यक्ष जयंत पाटील ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘कश्मीर को भेदभाव, मोबाइल नेटवर्क, केंद्र के नियंत्रण से आजाद कीजिए। मैं इस बात पर विश्वास नहीं कर सकता कि आप जैसा जिम्मेदार नेता इस नफरत भरे अंदाज में शब्दों को अलग मायने देते हुए लोगों को भ्रमित कर रहा है। यह सत्ता खोने के चलते हुआ है या खुद पर नियंत्रण नहीं रहा।’ जवाब में फडणवीस ने फिर ट्वीट किया और लिखा कि ‘कितना दुखद है कि अलगाववाद के समर्थन में सत्तापक्ष की ओर से दलील दी जा रही है। जयंतराव आपसे इस तरह वोटबैंक पॉलिटिक्स की उम्मीद नहीं थी। कश्मीर को भेदभाव से पहले ही आजादी मिल गई है। सुरक्षा कारणों से वहां दशकों से कुछ पाबंदियां हैं। सरकार में हों या विपक्ष में हमारे लिए देश पहले हैं।

 

गंभीर मामला, जांच हो-पाटील

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने ‘फ्री कश्मीर’ के पोस्टर लहराने को एक गंभीर घटना बताया है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को इसकी जांच करानी चाहिए। पाटील ने कहा कि नागरिकता कानून के चलते देश में एक बार फिर आतंकी और वामपंथी विचारधारा से जुड़े लोगों का आंदोलन शुरू हो गया है लेकिन सरकार इस पर काबू पाने में सक्षम हैं।

पुलिस से शिकायत

पूर्व भाजपा सांसद किरीट सोमैया ने मंत्री जितेंद्र आव्हाड के खिलाफ पुलिस से शिकायत की है। सोमैया का दावा है कि आव्हाड कश्मीर की आजादी की मांग करने वाले अवैध प्रदर्शन की अगुआई कर रहे थे। सोमैया ने सवाल किया कि बिना इजाजत हो रहे प्रदर्शन में सरकार का मंत्री कैसे शामिल हो सकता है। बता दें कि गेटवे ऑफ इंडिया पर प्रदर्शन पुलिस की इजाजत के बिना किए गए थे। वहीं पुलिस कश्मीर की आजादी के पोस्टर लहराने के मामले की भी जांच कर रही है।

Created On :   6 Jan 2020 7:27 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story