कर्नाटक में बोले राहुल- SC/ST एक्ट में हुए बदलाव पर अब तक चुप क्यों हैं पीएम मोदी

कर्नाटक में बोले राहुल- SC/ST एक्ट में हुए बदलाव पर अब तक चुप क्यों हैं पीएम मोदी

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कर्नाटक में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस ने अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया है। इसके तहत मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कर्नाटक के शिवमोगा में चुनावी सभा को संबोधित किया। यहां उन्होंने जमकर मोदी सरकार पर निशाना साधा। SC/ST एक्ट में बदलाव पर राहुल ने पीएम नरेन्द्र मोदी से पूछा है कि वे इस मामले में अब तक चुप क्यों हैं? राहुल ने कहा, "SC/ST एक्ट में बदलाव को लेकर दलित समुदाय चिंतित है। मजबूरन उन्हें सड़कों पर उतरना पड़ रहा है लेकिन पीएम मोदी की ओर से इस मामले पर कोई बयान नहीं आया है। वे इस बदलाव पर चुप्पी क्यों साधे हुए हैं?"

गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने पिछले दिनों SC/ST एक्ट के तहत तुरंत गिरफ्तारी पर रोक लगा दी थी। कोर्ट का कहना था कि इस एक्ट का दुरुपयोग हो रहा है। कोर्ट के इस फैसले के बाद दलित संगठनों ने 2 अप्रेल को भारत बंद का आह्वान किया था। इस दौरान कई जगहों पर हिंसक घटनाएं हुई थी। राहुल गांधी ने कर्नाटक में जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान इस मुद्दे पर केन्द्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने केन्द्र सरकार को दलित विरोधी करार दिया। इसके साथ ही उन्होंने पीएम मोदी पर देश को खोखला करने और साम्प्रदायिकता के बीज बोने का भी आरोप लगाया। राहुल ने हालिया घटनाओं पर पीएम मोदी को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि पेपर लीक, हिंसा और रोज के आंदोलन यह इस सरकार की देन है।

पेपर लीक का मामला उठाते हुए राहुल ने कहा, "कभी CBSE तो कभी SSC के पेपर लीक हो रहे हैं। इससे अव्यवस्थाओं का अंदाजा लगाया जा सकता है। ये सब स्थितियां देश की मौजूदा सरकार की देन हैं। सरकार छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है।" राहुल ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी पीएम मोदी को घेरने की कोशिश की। राहुल ने कहा, "नरेंद्र मोदी बस भ्रष्टाचार पर बोलते हैं, करते कुछ नहीं, उनके दोनों ओर भ्रष्टाचारी नेता बैठे होते हैं। खुद बीजेपी अध्यक्ष के बेटे की कंपनी 50 हजार से 80 करोड़ तक पहुंच जाती है।"

गौरतलब है कि कर्नाटक में 12 मई को विधानसभा चुनाव है। इसे देखते हुए राहुल गांधी 3 और 4 अप्रेल को अपनी कर्नाटक यात्रा पर हैं। यहां बीजेपी-कांग्रेस जोर-शोर से प्रचार-प्रसार में जुटी हुई है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव एक ही चरण में सम्पन्न होंगे। यहां 15 मई को नतीजे आएंगे। मतदान के लिए कर्नाटक में 56 हजार पोलिंग स्‍टेशन बनाए जाएंगे।

Created On :   3 April 2018 12:19 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story