मुंबई में CAA, NRC के समर्थन और विरोध में रैली, बड़ी संख्या में जुटे प्रदर्शनकारी

Rallies for and against CAA, NRC held in Mumbai
मुंबई में CAA, NRC के समर्थन और विरोध में रैली, बड़ी संख्या में जुटे प्रदर्शनकारी
मुंबई में CAA, NRC के समर्थन और विरोध में रैली, बड़ी संख्या में जुटे प्रदर्शनकारी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई में शुक्रवार को नागरिकता संशोधन अधिनियम और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के खिलाफ और समर्थन में रैलियां आयोजित की गई। दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अधिनियम और एनआरसी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया, जबकि ऐतिहासिक अगस्त क्रांति मैदान में सीएए के समर्थन में रैली के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। यहां पिछले हफ्ते नागरिकता अधिनियम के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया गया था।

आजाद मैदान में प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने इस कदम को लेकर मोदी सरकार को उकसाने वाले बैनर लगाए। निकिता पाठक नाम की एक छात्रा ने कहा, "यह एक सत्तावादी शासन है। यह सोचता है कि वे कुछ भी कर सकते हैं। यह सरकार की जिम्मेदारी है कि वह संविधान की रक्षा करे।" एक अन्य प्रदर्शनकारी ने कहा कि "यह "फेसलेस सरकार" है। यह अधिनियम न केवल एक समुदाय के खिलाफ बल्कि पूरे देश के खिलाफ है।"

उधर, अगस्त क्रांति मैदान रैली में बीजेपी के संविधान सम्मान मंच ने CAA और NRC के समर्थन में रैली का आयोजन किया। इस दौरान रैली में शामिल लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय झंडे को लेकर CAA के समर्थन में नारेबाजी की। CAA और NRC के समर्थन में तख्तियों पर संदेश भी लिखा गया था। उनके हाथों में डॉ. बाबासाहेब अम्बेडकर की तस्वीरें थी। वी डी सावरकर, महात्मा ज्योतिबा फुले, भारतमाता और शाहू महाराज की बड़ी तस्वीरों को मंच पर प्रदर्शित किया गया।

आयोजकों ने अगस्त क्रांति मैदान से गिरगांव चौपाटी की लोकमान्य तिलक प्रतिमा के बीच एक समर्थन मार्च की योजना बनाई थी, लेकिन मुंबई पुलिस ने उन्हें कानून और व्यवस्था का हवाला देते हुए मार्च करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस भी अगस्त क्रांति मैदान में नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के समर्थन में किए जा रहे प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने ट्विटर पर इसकी तस्वीरें साझा की।

 

 

Created On :   27 Dec 2019 2:52 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story