SSR Case: भड़के बिहार डीजीपी, कहा- क्वारंटीन के नाम पर IPS अधिकारी हाउस अरेस्ट, रिया चक्रवर्ती की भाषा बोल रही मुंबई पुलिस

SSR Case: भड़के बिहार डीजीपी, कहा- क्वारंटीन के नाम पर IPS अधिकारी हाउस अरेस्ट, रिया चक्रवर्ती की भाषा बोल रही मुंबई पुलिस

डिजिटल डेस्क, पटना। बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले की जांच करने मुंबई पहुंची बिहार पुलिस टीम के आईपीएस अधिकारी विनय तिवारी को क्वारंटीन किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय भी आईपीएस अधिकारी के साथ ऐसे व्यवहार से खासे नाराज हैं। बिहार डीजीपी ने आरोप लगाया है कि, क्वारंटीन के नाम पर मुंबई पुलिस ने एक आईपीएस अधिकारी को हाउस अरेस्ट किया है। डीजीपी पांडेय ने यह भी कहा कि, मुंबई पुलिस आरोपी रिया चक्रवर्ती की भाषा बोल रही है। पांडेय ने साफ तौर पर कहा कि मुंबई पुलिस इस मामले में बिल्कुल भी सहयोग नहीं दे रही है और उसका यह कृत्य आज पूरा देश देख रहा है।

बिहार डीजीपी ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से कहा, आईपीएस अधिकारी की एक गरिमा होती है। आखिर मुंबई पुलिस अपने जूनियर अधिकारियों को क्या संदेश देना चाहती है। चोर की तरह जाकर एक आईपीएस को हाउस अरेस्ट कर लिया जाता है। कुछ दिन पहले ही हमारे पुलिस अफसर को धक्का देते हुए कैदी वैन में बैठा दिया गया था। मैंने मीडिया को मुंबई पुलिस की इज्जत बचाने के लिए बताया कि ऐसा कुछ नहीं हुआ था। पर ऐसा हुआ था क्योंकि यह नजारा सबने देखा था।

मुंबई पुलिस मुझे भी हाउस अरेस्ट कर लेगी- बिहार डीजीपी
पांडेय ने कहा, आज मुंबई में हालात इतने खराब हो गए हैं कि, अगर वह भी इस मामले में अपनी भूमिका सुनिश्चित करने के लिए मुंबई जाते हैं तो उन्हें भी हाउस अरेस्ट किए जाने का खतरा है। अब तो स्थिति यह है कि, अगर मैं भी जाउंगा, तो मुंबई पुलिस मुझे भी हाउस अरेस्ट कर लेगी।

मुंबई पुलिस प्रमुख भी नहीं दे रहे कोई जवाब
पांडेय ने कहा कि सुशांत के कथित आत्महत्या के बाद से वह कई बार मुंबई पुलिस प्रमुख से बात करने का प्रयास कर चुके हैं लेकिन एक बार भी उनका फोन रिसीव नहीं हुआ और ना ही उनके संदेश का जवाब दिया गया। पांडेय ने कहा, जिस दिन सुशांत का शव उनके कमरे से बरामद हुआ था, उसके दूसरे दिन मैंने मुंबई पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह से बात करने की कोशिश की थी लेकिन उन्होंने मेरा फोन नहीं उठाया और ना ही कॉल बैक किया। यही नहीं, मैं इस बारे में जानने के लिए जब व्हाटसऐएप मैसेज किया फिर भी जवाब नहीं दिया गया।

हमारी भी जिद है इस मामले को छोडेंगे नहीं- डीजीपी
डीजीपी ने कहा, सोमवार को भी उन्होंने मुंबई पुलिस प्रमुख को फोन किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अब हम सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का इंतजार कर रहे हैं। मुंबई पुलिस के सहयोग के बिना बिहार पुलिस वहां जांच नहीं कर सकती है। हम सुशांत मामले में सच्चाई सामने लाना चाहते हैं लेकिन सहयोग नहीं मिल रहा है। अब हमारी भी जिद है कि इस मामले को छोडेंगे नहीं।

मुंबई पुलिस ने बिहार पुलिस को कुछ नहीं दिया- डीजीपी
डीजीपी ने आरोप लगाया, मुंबई पुलिस ने बिहार पुलिस को कुछ नहीं दिया। एफएसएल की रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, पंचनामा, सीसीटीवी फुटेज, वीडियो फुटेज, सुशांत के घर से मिले सामान कुछ भी नहीं। यहां तक कि, कुछ दिखाने तक को तैयार नहीं है। देने की बात तो दूर रही।

पांडेय ने कहा, मुंबई पुलिस सुशांत के मामले की आरोपी रिया चक्रवर्ती की भाषा बोल रही है। मुंबई पुलिस का सारा एक्शन वही है, जो रिया चक्रवर्ती बोलती रही है। रिया कह रही है, बिहार पुलिस सुशांत मामले की जांच नहीं कर सकती है। महाराष्ट्र पुलिस भी उसी बात को दोहरा रही है।

Created On :   4 Aug 2020 5:12 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story