खतरे में कर्नाटक की कुमार स्वामी सरकार, 10 कांग्रेस विधायकों ने मुंबई में डाला डेरा 

Swamy Govt of Karnataka on risk- 10 Congress MLAs camping in Mumbai
खतरे में कर्नाटक की कुमार स्वामी सरकार, 10 कांग्रेस विधायकों ने मुंबई में डाला डेरा 
खतरे में कर्नाटक की कुमार स्वामी सरकार, 10 कांग्रेस विधायकों ने मुंबई में डाला डेरा 
हाईलाइट
  • कांग्रेस के 10 विधायक मुंबई के एक पांच सितारा होटल में डेरा डाले हुए हैं।
  • भाजपा नेता व प्रदेश के जलसंरक्षण मंत्री राम शिंदे ने दावा किया है कि कर्नाटक में ऑपरेशन कमल सफल होगा।
  • सूत्रों के अनुसार मुंबई के पवई स्थित होटल में ठहरे 10 विधायक भाजपा के सम्पर्क में हैं।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विधानसभा चुनाव के सात महीने बाद ही कर्नाटक की सरकार खतरे मनें पड़ गई है। कांग्रेस के 10 विधायक मुंबई के एक पांच सितारा होटल में डेरा डाले हुए हैं। सूत्रों के अनुसार कर्नाटक के ये कांग्रेसी भाजपा के स्थानीय नेताओं की देखरेख में हैं। इनमें दो निर्दलीय विधायक भी शामिल हैं। मंगलवार को मुंबई में ठहरे दो निर्दलीय विधायकों ने कर्नाटक की कुमार स्वामी सरकार से समर्थन वापस लेने का एलान कर दिया। इस बीच महाराष्ट्रक के कैबिनेट मंत्री राम शिंदे ने कहा है कि दो दिनों में आपरेशन लोटस सफल होगा भाजपा कर्नाटक में सरकार बनाएगी।

निर्दलीय विधायक ए. शंकर और एच नागेश ने कांग्रेस की सरकार से समर्थन वापस लेने की घोषणा की है। दोनों निर्दलीय विधायकों ने चिट्ठी भेजकर अपना समर्थन वापस लेने की बात कही। यह कर्नाटक सरकार के लिए एक बड़ा झटका साबित हो सकता है। मुंबई भाजपा सूत्रों के अनुसार मुंबई के पवई स्थित होटल में ठहरे 10 विधायक भाजपा के सम्पर्क में हैं। ये कभी भी पार्टी के इशारे पर इस्तीफा देने को तैयार हैं। इससे कर्नाटक की कुमार स्वामी सरकार अल्पमत में आ जाएगी।

गौरतलब है कि 224 सदस्यों वाली कर्नाटक विधानसभा में सर्वाधिक 104 विधायक भाजपा के हैं। जबकि कांग्रेस की 80 और जेडीएस के 37 एमएलए हैं। विधायक एच नागेश ने कहा कि कर्नाटक में जेडीएस व कांग्रेस के बीच कोई तालमेल नहीं है। इस लिए हम सरकार से समर्थन वापस ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछली बार कांग्रेस के लोग हमें जबगन मुंबई पकड़ लाए थे। 

दो दिनों में कर्नाटक में भाजपा बनाएगी सरकारः राम शिंदे 
भाजपा नेता व प्रदेश के जलसंरक्षण मंत्री राम शिंदे ने दावा किया है कि कर्नाटक में ऑपरेशन कमल सफल होगा। उन्होंने कहा कि अगले दो से चार दिनों में कर्नाटक में भाजपा की सरकार बन जाएगी। शिंदे ने कहा कि कर्नाटक में ऑपरेशन कमल शुरू है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भाजपा को बहुमत मिला था, लेकिन जेडीएस ने कांग्रेस की मदद से सरकार बनाया पर यह जनमत के साथ न्याय नहीं था। जिसके कारण कुछ विधायकों में नाराजगी है। ऑपरेशन कमल के बाद मुख्यमंत्री कुमारस्वामी को जिस तरीके से मीडिया के सामने आकर कहना पड़ा है कि उनके पास बहुमत है, इसका मतलब है कि कुमारस्वामी के पास बहुमत नहीं है।

कर्नाटक में अगले 2 से 4 दिनों में भाजपा सरकार बना लेगी क्योंकि कुमारस्वामी की सरकार का गिरना तय है। भाजपा द्वारा कांग्रेस के विधायकों को मुंबई के होटल में रखने पर शिंदे ने कहा कि पार्टी ने किसी विधायक को नहीं छिपाया है। यदि हमें छिपाना होता तो विधानसभा चुनाव बाद सदन में बहुमत साबित करने के दौरान ही छिपाते। जो विधायक मुंबई में हैं उनका मन भाजपा के साथ आने का कर रहा है। इन विधायकों को भाजपा से कोई शिकायत नहीं है। शिंदे ने कहा कि ऑपरेशन कमल को कौन अंजाम दे रहा है यह मुझे नहीं मालूम है लेकिन इतना निश्चित है कि कुछ तो बातचीत चल रही है। 
 

Created On :   15 Jan 2019 2:26 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story