पटना में हाफ एनकाउंटर: मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने चलाई गोली, अस्पताल पहुंचा लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य, भागने की कोशिश नाकाम

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार की राजधानी पटना में गुरुवार (22 जनवरी) सुबह एनकाउंटर हुआ है। मसौढ़ी में पुलिस और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य परमानंद यादव के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चला दी जो सीधा बदमाश को लगी। घायल परमानंद को फिलहाल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने बताया कि यह झड़प आज सुबह करीब 4:30 बजे हुई है।
बदमाश के पैर में लगी गोली
मसौढ़ी थाना पुलिस ने बताया कि कुछ अपराधियों को पकड़ा गया था। इस बीच एक अपराधी बाइक से भागने में कमयाब हो गया। मसौढ़ी थाना को जैसे ही सूचना मिली कि भागा हुआ बदमाश जहानाबाद की ओर जा रहा है, पुलिस फौरन लोकेशन पर पहुंची। इस क्रम में एक संदिग्ध व्यक्ति को मोटरसाइकिल से भागते हुए देखा गया। पुलिस उसे रोकने की कोशिश कर रही थी। इन सब के बीच वह बाइक से गिर गया और पुलिस पर गोली चलाने लगा। वहीं, जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई जो सीधा उसके पैर में जा लगी और वह जख्मी हो गया। बदमाश को फिलहाल अस्पताल में एड्मिट करवाया गया है। यह घटना NH-22 लाला बीघा गांव के पास की है।
एसपी ने दी अहम जानकारी
पटना के एसपी सिटी ईस्ट, परिचय कुमार ने एनकाउंटर से जुड़ी अहम जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि आज सुबह करीब 4.30 बजे पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के दौरान, परमानंद यादव नाम के एक अपराधी को पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगी। उसके संबंध राहुल सिंह गैंग से हैं, जिसका कनेक्शन लॉरेंस बिश्नोई गैंग से होने की संभावना है।
बदमाश के खिलाफ कई केस दर्ज
परमानंद यादव, कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य है जिसके खिलाफ दर्जनों केस दर्ज हैं। न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक, बदमाश डकैती, लूट, अपहरण जैसे मामलों में संलिप्त रहा है। बस इतना ही नहीं बल्कि उसके खिलाफ कई मर्डर केस भी दर्ज हैं।
Created On :   22 Jan 2026 10:50 AM IST













