Chhattisgarh News: नक्सल विरोधी अभियान के दौरान पुलिस को मिली बड़ी सफलता, बीजापुर के जंगल से बरामद किए AK-47 समेत 4 हथियार और 76 जिंदा कारतूस

डिजिटल डेस्क, रायपुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के उतला गांव के जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने यहां से AK-47 समेत 4 हथियार और 76 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों से पूछताछ के दौरान उतला के जंगल में हथियार छिपाए जाने की जानकारी मिली थी। इसके बाद भैरमगढ़ पुलिस की टीम ने जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अभियान से पहले SDOP नवीन एक्का ने जवानों को सुरक्षा संबंधी जरूरी निर्देश दिए।
यह भी पढ़े -वाराणसी में नक्सली कमांडर ब्रजेश गंझू की मौत के साथ झारखंड में खौफ के एक बड़े चैप्टर का खात्मा
जमीन के नीचे मिला डम्प
पुलिस टीम जब उतला के जंगल में तलाशी अभियान चला रही थी, तभी जवानों को जमीन के भीतर छिपाया गया एक डम्प मिला। इसे बाहर निकालकर जांच की गई तो उसमें हथियार और बड़ी संख्या में कारतूस रखे मिले।
पुलिस ने बताया कि बरामद हथियारों में एक AK-47 रायफल, एक 315 बोर रायफल, एक सिंगल शॉट रायफल और एक 9 एमएम पिस्टल शामिल है।
76 जिंदा कारतूस भी मिले
हथियारों के साथ पुलिस को AK-47 की 2 मैगजीन भी मिली हैं। इनमें AK-47 के 45 जिंदा राउंड, 9 एमएम के 25 राउंड और 315 बोर के 6 राउंड शामिल हैं। कुल मिलाकर 76 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
यह भी पढ़े -वाराणसी में एटीएस के साथ मुठभेड़ में मारा गया झारखंड का 30 लाख का इनामी नक्सली कमांडर ब्रजेश गंझू
आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली जानकारी
पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों से संगठन की गतिविधियों और पहले की घटनाओं को लेकर पूछताछ की जा रही है। इसी दौरान मिली जानकारी के आधार पर जंगलों में छिपाकर रखे गए हथियारों और अन्य सामान की तलाश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत अलग-अलग सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि वे सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।
बरामद हथियार और कारतूस भैरमगढ़ थाने लाए गए हैं। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नक्सल प्रभावित और संवेदनशील इलाकों में सर्चिंग और निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
Created On :   21 Sept 2026 1:47 AM IST












