TET Paper Leak Case: महाराष्ट्र TET पेपर लीक की जड़ें बिहार तक, 2 और आरोपी गिरफ्तार, एजेंटों के जरिए छात्रों तक पहुंचा था पेपर

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के TET पेपर लीक मामले में भिवंडी पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अशोक कुमार शॉ को बिहार और प्रकाश मिसाल को महाराष्ट्र के बीड से पकड़ा है। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 23 सितंबर तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, प्रकाश मिसाल लीक हुआ TET पेपर लेकर महाराष्ट्र में छात्रों को पढ़ाने की तैयारी में था। वहीं अशोक कुमार शॉ मामले के मुख्य आरोपी बिजेंद्र कुमार गुप्ता के संपर्क में था। पुलिस के अनुसार, बिजेंद्र ही एजेंटों को TET का पेपर उपलब्ध कराता था।
अब तक 18 आरोपी गिरफ्तार
भिवंडी पुलिस ने इस मामले में दो दिन पहले करीब 3500 पेज की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की थी। केस की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में होने वाली है।
पुलिस के अनुसार, अब तक इस मामले में 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। इनमें 15 पुरुष और एक महिला शामिल हैं। दो और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है।
यह भी पढ़े -महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक मामले में पुलिस प्रशिक्षण संस्थान का संचालक गिरफ्तार, भिवंडी कोर्ट में किया जा सकता है पेश
बिहार से महाराष्ट्र तक फैला नेटवर्क
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, TET पेपर लीक का नेटवर्क बिहार से महाराष्ट्र तक फैला हुआ था। आरोप है कि मुख्य आरोपी ने पेपर मोटी रकम में बेचा और एजेंटों के जरिए इसे छात्रों तक पहुंचाया गया।
भिवंडी पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। पुलिस को उम्मीद है कि दोनों नए आरोपियों से पूछताछ में पेपर लीक मामले से जुड़े कुछ और लोगों के बारे में जानकारी मिल सकती है।
यह भी पढ़े -महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक मामला मास्टरमाइंड बिजेंद्र गुप्ता बिहार से गिरफ्तार, अब तक 14 आरोपी दबोचे गए
दो आरोपी थे फरार
एसीपी विजय मराठे ने बताया कि TET प्रश्न-पत्र लीक मामले में दर्ज क्राइम नंबर 281/2026 की जांच चल रही है। अब तक 15 पुरुष और एक महिला आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके थे। दो आरोपी फरार थे, जिन्हें अब पकड़ लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद 23 सितंबर तक पुलिस कस्टडी मिली है। इस दौरान उनसे पेपर लीक नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों को लेकर पूछताछ की जाएगी।
Created On :   21 Sept 2026 2:09 AM IST












