- Home
- /
- राज्य
- /
- अन्य राज्य
- /
- टीईटी पेपर लीक मामले को लेकर मचा...
Maharashtra News: टीईटी पेपर लीक मामले को लेकर मचा सियासी घमासान, राहुल गांधी ने महायुति सरकार को घेरा, सीएम फडणवीस ने किया पलटवार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में राज्य शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) का पेपर लीक होने पर बवाल मचा हुआ है। इस मामले में अब राजनीति भी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने टीईटी पेपर लीक मामले को लेकर सत्तारूढ़ महायुति सरकार को घेरा है।
क्या था राहुल गांधी का बयान?
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "महाराष्ट्र टीईटी का पेपर लीक हो गया, परीक्षा रद्द कर दी गई। 6 लाख उम्मीदवार अनिश्चितता में हैं। दो सप्ताह बीत चुके हैं, लेकिन नई परीक्षा तिथि का कोई पता नहीं है। पेपर लीक करने वाले खुले घूम रहे हैं, व्यवस्था पर कोई असर नहीं पड़ा है और सजा उस व्यक्ति को मिल रही है जिसने ईमानदारी से मेहनत की।" उन्होंने आगे कहा कि परीक्षा देने वाले उम्मीदवार देश के मेहनती और भविष्य के शिक्षक हैं, जिनके हाथों में भारत का भविष्य है।
राहुल गांधी ने कहा, 'ये वही लोग हैं जिन्होंने सालों तक तैयारी की, फॉर्म भरे, फीस जमा की और दूर-दराज के परीक्षा केंद्रों तक यात्रा की। अब वे सिर्फ इंतजार कर रहे हैं,न कोई तारीख है और न ही कोई जवाब।'
सरकार के सामने रखीं तीन मांगें
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सामने राहुल गांधी ने तीन मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि नई टीईटी परीक्षा की तारीखों का तुरंत ऐलान किया जाए। उन्होंने पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एक्शन की मांग करते हुए कहा कि कार्रवाई दोषियों पर हो, उम्मीदवारों पर नहीं।
इसके अलावा, उन्होंने कहा कि जिन छात्रों का एक साल इस पेपर लीक के कारण प्रभावित हुआ है, उन्हें आयु सीमा में छूट दी जानी चाहिए ताकि उनका भविष्य सुरक्षित रह सके। गलती संस्था की है और सजा उम्मीदवारों को मिल रही है। यह न्याय नहीं है।
कांग्रेस सांसद ने कहा, "अब शिक्षा क्रांति का समय आ गया है, ताकि ऐसी व्यवस्था बनाई जा सके जिसमें युवाओं को उनकी मेहनत का फल मिले, न कि व्यवस्था की विफलताओं की कीमत चुकानी पड़े।"
यह भी पढ़े -नीट यूजी पेपर लीक मामला पीवी कुलकर्णी और शिवराज मोटेगांवकर की न्यायिक हिरासत 8 जुलाई तक बढ़ी
सीएम फडणवीस का पलटवार
राहुल गांधी के बयान पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सरकार ने इस मामले में सक्रिय रूप से कार्रवाई की है। उन्होंने मीडिा से कहा, "मैं राहुल गांधी को बताना चाहता हूं कि इस मामले की जांच की गई है और कार्रवाई भी की गई है। मैं उन्हें यह भी बताना चाहता हूं कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।"
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए महाराष्ट्र सीएम ने कहा, "सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि राहुल गांधी यह जानकारी हमारे देश भारत में रहकर मांग रहे हैं या फिर विदेश में कहीं बैठकर सोशल मीडिया के जरिए जवाब मांग रहे हैं।"
Created On :   15 July 2026 2:36 AM IST










