Agra Protest News: ट्रैक्टर लेकर निकले प्रदर्शनकारी, UGC कानून के खिलाफ आगरा में जोरदार प्रदर्शन

ट्रैक्टर लेकर निकले प्रदर्शनकारी, UGC कानून के खिलाफ आगरा में जोरदार प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश के आगरा में यूजीसी को लेकर सवर्ण समाज ने बड़ा प्रदर्शन किया। इस दौरान समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल होने के लिए पहुंचे।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के आगरा में यूजीसी को लेकर सवर्ण समाज ने बड़ा प्रदर्शन किया। इस दौरान समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल होने के लिए पहुंचे। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर बड़ी संख्या में जवानों को भी तैनात कर दिया था। यह प्रदर्शन यूजीसी मुक्ति मोर्चा के बैनर तले शहर के मुड़ी चौराहा से आगरा कलेक्ट्रेट तक होना था। सभी लोग चौराहे पर एकजुट हो गए और ट्रैक्टर पर सवार होकर आगरा जिला मुख्यालय की तरफ निकल पड़े।

प्रदर्शनकारी और पुलिस के बीच नोकझोंक

इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर दी। इसमें हाइड्रा और बड़ी मशीनों का इस्तेमाल किया गया। पुलिस ने कई स्थानों पर उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक और धक्का-मुक्की देखने को मिली। इसके बाद भी प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग हटाकर आगे बढ़े। यहां पर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई। प्रदर्शनकारियों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर यूजीसी के नए कानून में संशोधन नहीं किया गया, तो इसका असर आगामी चुनाव में देखने को मिल सकता है।

यमुना एक्सप्रेसवे पर लगाया जाम

आगरा-जलेसर मार्ग पर यमुना एक्सप्रेसवे के नीचे आंदोलनकारियों और पुलिस के बीच दोबारा नोकझोंक और धक्का-मुक्की देखने को मिली। इस दौरान कुछ गुस्साए प्रदर्शनकारी यमुना एक्सप्रेसवे पर चढ़ गए। इसके बाद कुछ देर तक यातायात बाधित हुआ। हालांकि, आगरा पुलिस ने अपनी सफाई में कहा कि यमुना एक्सप्रेसवे पर किसी प्रकार का जाम नहीं लगा।

SDM को सौंपा ज्ञापन

आंदोलनकारी इसके बाद आगरा-जलेसर मार्ग पर एसडीएम एत्मादपुर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने तीन प्रमुख मांगें रखीं। ज्ञापन के मुताबिक, यूजीसी संशोधित अधिनियम 2026 को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए, आरक्षण संबंधी संवैधानिक एवं वैधानिक प्रावधानों में संशोधन किया जाए और आर्थिक स्थिति के आधार पर आरक्षण व्यवस्था को लागू किया जाए।

Created On :   20 Sept 2026 7:24 PM IST

Tags

Next Story