Rajasthan News: भारत आया खतरनाक वायरस! युगांडा से आईं महिला में इबोला के संदिग्ध लक्षण, जयपुर के अस्पताल में भर्ती

डिजिटल डेस्क, जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में इबोला वायरस के एक संदिग्ध मामले के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। जानकारी के अनुसार, युगांडा से आई 19 साल की एक महिला पर्यटक में इबोला जैसे कुछ लक्षण पाए गए हैं। एहतियात के तौर पर उसे जयपुर के आरयूएचएस अस्पताल के स्पेशल आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। फिलहाल इबोला संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है और जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। डॉक्टर लगातार उसकी हालत पर नजर रख रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने भी सभी अस्पतालों को सावधानी बरतने और किसी भी संदिग्ध मरीज की तुरंत जानकारी देने के निर्देश दिए हैं।
जयपुर पहुंचते ही अस्पताल में भर्ती
जानकारी के अनुसार, युवती शुक्रवार सुबह शारजाह के रास्ते जयपुर पहुंची थी। उसके स्वास्थ्य में कुछ दिक्कतें दिखाई देने पर उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहां उसे अलग वार्ड में रखकर निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी तरह का संक्रमण फैलने का खतरा न रहे।
जांच रिपोर्ट का इंतजार
डॉक्टरों का कहना है कि मरीज में कुछ लक्षण इबोला जैसे हैं, लेकिन अभी बीमारी की पुष्टि नहीं हुई है। मरीज के सैंपल लेकर पुणे की विशेष लेबोरेटरी भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा कि यह इबोला का मामला है या नहीं।
राज्यभर में बढ़ाई गई निगरानी
संदिग्ध मामले के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा है। जयपुर एयरपोर्ट पर भी यात्रियों की निगरानी बढ़ा दी गई है। खासकर अफ्रीकी देशों से आने वाले लोगों की जांच पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है। आरयूएचएस अस्पताल को इस तरह की स्थिति से निपटने के लिए नोडल सेंटर बनाया गया है।
Created On :   5 Jun 2026 5:17 PM IST








