UP Crime: शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो बेटे ने मां को पीट-पीटकर मार डाला, रातभर शव के पास बैठा रहा आरोपी, सीतापुर की घटना

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सीतापुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने पर एक बेटे पर अपनी 65 साल की मां की हत्या करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले मां के साथ मारपीट की और फिर उनका सिर दीवार से टकरा दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी रातभर घर में ही शव के पास रहा। सुबह उसने खुद ग्राम प्रधान को फोन कर मां की मौत की जानकारी दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
शराब के लिए मां से मांगे थे पैसे
मामला सीतापुर के इमलिया सुल्तानपुर इलाके के बेनियापुर गांव का है। यहां 65 साल की सावित्री देवी अपने बेटे त्रिभुवन के साथ रहती थीं। उनके पति की कई साल पहले मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि त्रिभुवन को शराब पीने की आदत थी। इसी वजह से उसकी पत्नी भी करीब 10 साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी।
ग्रामीणों के मुताबिक, घटना वाली रात त्रिभुवन नशे में घर आया और अपनी मां से शराब के लिए पैसे मांगने लगा। सावित्री देवी ने पैसे देने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। आरोप है कि त्रिभुवन ने मां के साथ मारपीट की और उनका सिर दीवार से टकरा दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई।
सुबह प्रधान को फोन कर दी मौत की खबर
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी घर में ही रहा। सुबह उसने ग्राम प्रधान को फोन किया और बताया कि उसकी मां की मौत हो गई है। उसने प्रधान से अंतिम संस्कार कराने की बात भी कही। प्रधान जब घर पहुंचे तो सावित्री देवी का शव आंगन में पड़ा मिला। उनके सिर से खून निकलने के निशान दिखाई दिए। मामला संदिग्ध लगने पर प्रधान ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर त्रिभुवन को गिरफ्तार कर लिया गया।
पहले भी मां से करता था मारपीट
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी शराब के नशे में पहले भी अपनी मां के साथ मारपीट करता था। घटना से दो दिन पहले भी उसने कथित तौर पर सावित्री देवी को पीटा था। महिला के शरीर पर पुरानी चोट के निशान भी मिलने की बात सामने आई है। पुलिस को घर की दीवार पर खून के निशान भी मिले हैं। इससे शक है कि महिला का सिर दीवार से टकराया गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह और साफ हो सकेगी।
Created On :   18 July 2026 5:30 PM IST












