Sonam Wangchuk Hunger Strike: सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से ले जाने पर भड़का विपक्ष, कहा- 'बीजेपी को शांतिपूर्ण विरोध भी नहीं बर्दाश्त...'

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर लगातार 21वें दिन भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस ने वहां से हटाकर अस्पताल पहुंचा दिया। पुलिस का कहना है कि उनकी तबीयत लगातार खराब हो रही थी। ऐसे में अदालत के निर्देश और डॉक्टरों की सलाह के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाना जरूरी था। इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है।
डिंपल यादव ने जताई कड़ी नाराजगी
सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाए जाने पर समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी लोकतंत्र में लोगों को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का पूरा अधिकार होता है। अगर ऐसी आवाजों को भी दबाया जाएगा तो इससे लोकतंत्र और संविधान दोनों कमजोर होंगे।
यह भी पढ़े -गृह मंत्री अमित शाह सिलीगुड़ी में बीएसएफ की 18वीं बटालियन की बॉर्डर आउटपोस्ट का करेंगे दौरा
सरकार की कार्रवाई को बताया तानाशाही
डिंपल यादव ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि देश के लिए अच्छे दिन लाने का वादा करने वाले अब लोगों की आवाज दबाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सोनम वांगचुक जैसे लोगों की बात सुनने के बजाय उन्हें जबरन हटाना सही तरीका नहीं है। सोनम वांगचुक को जबरन हटाना सिर्फ एक प्रशासनिक कदम नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों पर चोट है। उनके मुताबिक अब सरकार शांतिपूर्ण विरोध भी सहन नहीं कर पा रही है और यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए अच्छा संकेत नहीं है।
यह भी पढ़े -गुना में ट्रक से 3 करोड़ रुपए का डोडा चूरा जब्त, एस्कॉर्ट कर रही कार की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत
दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?
दिल्ली पुलिस का कहना है कि सोनम वांगचुक की सेहत लगातार बिगड़ रही थी। इसी वजह से अदालत के आदेश और डॉक्टरों की राय के अनुसार उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने यह भी बताया कि प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने और तय नियमों का पालन करने की अपील की गई है। गौरतलब है कि इससे पहले 16 जुलाई को डिंपल यादव अपने पार्टी के सांसदों और विधायकों के साथ जंतर-मंतर पहुंची थीं। उन्होंने वहां सोनम वांगचुक से मुलाकात की थी और प्रदर्शन में शामिल लोगों का समर्थन भी किया था।
Created On :   18 July 2026 12:52 PM IST












