West Bengal Politics: ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी के ऑफिस पर गरजा बुलडोजर, भारी पुलिसबल तैनात, क्या है मामला?

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के नेता और सांसद अभिषेक बनर्जी के एक ऑफिस पर शनिवार को बुलडोजर चलाया गया। यह पांच मंजिला इमारत दक्षिण 24 परगना के अमताला-बारुईपुर रोड पर बनी है। प्रशासन का कहना है कि इसका निर्माण बिना जरूरी मंजूरी और सही दस्तावेजों के किया गया था। इमारत को गिराने के लिए तीन बुलडोजर लगाए गए हैं। कार्रवाई की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। भाजपा और TMC के कार्यकर्ता भी वहां जमा हो गए। हालात को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
यह भी पढ़े -'सिर्फ मीडिया के सामने नौटंकी करना और छवि को...' सोनम वांगचुक से जुड़े बयान पर क्या बोले BJP नेता?
पहले दिया गया था नोटिस
प्रशासन के मुताबिक, इस इमारत को लेकर पहले ही नोटिस जारी किया गया था। इसमें कहा गया था कि ऑफिस का निर्माण बिना जरूरी मंजूरी के किया गया है। दावा है कि निर्माण से जुड़े सही कागज भी पेश नहीं किए गए। नोटिस मिलने के बाद भी कोई जवाब नहीं आने पर शनिवार को इसे गिराने की कार्रवाई शुरू की गई। तीन बुलडोजर की मदद से पांच मंजिला इमारत को तोड़ा जा रहा है।
मौके पर जुटी भारी भीड़
जानकारी के मुताबिक, जैसे ही बुलडोजर ऑफिस के पास पहुंचे वैसी ही आसपास के लोग वहां जमा होने लगे। कुछ ही समय में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद वहां तनाव बढ़ गया। हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों को बुलाया। किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस तैनात की गई है।
17 संपत्तियों को भी मिला नोटिस
चुनाव नतीजों के बाद से अभिषेक बनर्जी का यह ऑफिस बंद पड़ा था। पहले डायमंड हार्बर से जुड़ी कई बैठकें इसी जगह पर होती थीं। इन बैठकों का आयोजन तृणमूल कांग्रेस की ओर से किया जाता था। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब कोलकाता नगर निगम की ओर से अभिषेक बनर्जी, उनके परिवार और उनकी कंपनी ‘लीप्स एंड बाउंड्स’ से जुड़ी 17 संपत्तियों को लेकर नोटिस जारी किए जाने की बात सामने आई है। इनमें हरीश मुखर्जी रोड पर स्थित ‘शांतिनिकेतन’ नाम का घर भी शामिल बताया गया है।
Created On :   18 July 2026 3:49 PM IST












