Punjab Politics: 'दिल्ली में इनके नेता दंगों के दोषी', जालंधर में पीएम मोदी ने AAP पर बोला तीखा हमला

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को पंजाब के जालंधर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने यहां आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने पंजाब के विकास, रेलवे के आधुनिकीरण और केंद्र सरकार की योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत पंजाबी में बोलकर की। पीएम मोदी ने कहा, 'गुरुओं और वीरों की धरती पंजाब पर आकर मैं खुद को सम्मानित महसूस कर रहा हूं। आप सभी कैसे।'
यह भी पढ़े -'आप' ने पंजाब के लोगों से विश्वासघात किया, विकसित भारत की दिशा में हाइड्रोजन ट्रेन बड़ा कदम गौरव वल्लभ
पीएम मोदी ने जालंधर में जनसभा को किया संबोधित
पीएम मोदी ने कहा कि पंजाब में बीजेपी की सरकार नहीं है। लेकिन केंद्र की एनडीए सरकार राज्य के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी की प्राथमिकता लोगों का जीवन आसान बनाना है। इसी सोच के साथ बुनियादी ढ़ांचे का तेजी से विकास किया जा रहा है।
इस दौरान पीएम मोदी ने रेलवे का जिक्र करते हुए कांग्रेस को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले रेलवे की हालात सभी जानते थे। कांग्रेस सिर्फ नई ट्रेनों की घोषणाएं करती रही, लेकिन रेलवे स्टेशनों के विकास पर ध्यान नहीं दिया गया। रेलवे क्षेत्र में जो काम आज हो रहे हैं, वे 25-30 साल पहले हो जाने चाहिए थे। लेकिन, पिछली सरकारों ने इस दिशा में पर्याप्त प्रयास नहीं किए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अब बीजेपी सरकार देशभर के 1,300 रेलवे स्टेशनों को आधुनिक बनाने के मिशन पर काम कर रही है। शुक्रवार को 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया गया। उन्होंने कहा कि जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन आधुनिक भारत की नई तस्वीर पेश करता है। इसके अलावा मुक्तसर, श्री आनंदपुर साहिब और एसएएस नगर (मोहाली) के रेलवे स्टेशनों का भी आधुनिकीकरण किया गया है।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने करीब 5,470 करोड़ रुपये की रेल और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। पीएम मोदी ने कहा कि आज पंजाब में क्या हो रहा है, यह किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है, गैंगवार और रंगदारी की घटनाएं आम हो गई हैं। यहां तक कि पुलिस थाने भी सुरक्षित नहीं हैं। सबसे बड़ी चिंता यह है कि पंजाब का भविष्य बर्बाद हो रहा है क्योंकि नशा तस्कर खुलेआम घूम रहे हैं और युवाओं को नशे की ओर धकेला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जो लोग देश की राजनीति बदलने का दावा करते थे, आज पूरा देश उनकी हकीकत देख रहा है। पीएम मोदी ने बिना नाम लिए कहा कि हाल ही में उनकी पार्टी के एक नेता (ताहिर हुसैन) को दिल्ली की अदालत ने दोषी ठहराया, लेकिन वे उस फैसले पर भी सवाल उठा रहे हैं क्योंकि वे धर्म के नाम पर वोट बैंक की राजनीति करना चाहते हैं।
यह भी पढ़े -नीट पेपर लीक को लेकर सुप्रिया सुले ने केंद्र पर साधा निशाना, सोनम वांगचुक के अनशन को दिया समर्थन
पीएम ने आप और कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार में एक स्वास्थ्य मंत्री को भ्रष्टाचार के आरोपों में हटाना पड़ा और कई विधायक भी भ्रष्टाचार के मामलों में घिरे हैं। उन्होंने कहा, 'इस पार्टी की पहचान कट्टर बेईमान की बन चुकी है।'
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने पंजाब के विकास के लिए लाखों करोड़ रुपये दिए, लेकिन राज्य सरकार ने उन पैसों का सही इस्तेमाल नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार कर्ज के सहारे चल रही है और उसी पैसे पर ऐश कर रही है। साथ ही केंद्र सरकार की परियोजनाओं पर अपना स्टिकर लगाकर श्रेय लेने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि पंजाब का विकास तभी संभव है, जब राज्य में बीजेपी की डबल इंजन सरकार बने। प्रधानमंत्री ने हरियाणा का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां की बीजेपी सरकार 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) दे रही है, जबकि पंजाब के किसानों के साथ धोखा हुआ है। उन्होंने कहा कि दिल्ली और हरियाणा में विकास कार्यों का मॉडल सबके सामने है। उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा में महिलाओं के खातों में ₹50,000 की सहायता राशि पहुंच चुकी होगी।
प्रधानमंत्री ने शिरोमणि अकाली दल पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि अकाली दल इस समय अपने ही अंदरूनी मामलों में उलझा हुआ है और उसे पंजाब की चिंता नहीं रह गई है। सिर्फ BJP ही पंजाब को बदल सकती है। मैं पंजाब के लोगों से कहना चाहता हूं कि जालंधर की खेलों के मामले में एक बड़ी पहचान है। मैं युवाओं से अपील करता हूँ कि वे खेलों से जुड़ें। हम पंजाब को नई ऊंचाइयों पर ले जाना चाहते हैं। मोदी पंजाब के साथ है।
जनसभा के मंच पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह, सांसद अशोक मित्तल, हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए सांसद राजिंदर गुप्ता, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर हरे रंग की पगड़ी पहन रखी थी।
बता दें कि प्रधानमंत्री का यह दौरा राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि बीजेपी 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ने की तैयारी कर रही है। यह इस साल फरवरी में डेरा सचखंड बल्लां की यात्रा के बाद पीएम मोदी का जालंधर का दूसरा दौरा है।
Created On :   18 July 2026 12:05 AM IST













