छात्रों की गूंज: 'आप संसद में हमारी आवाज उठाइए...' नीट पेपर लीक के बाद सुसाइड करने वाली छात्रा के पिता ने राहुल गांधी से क्या कहा?

आप संसद में हमारी आवाज उठाइए... नीट पेपर लीक के बाद सुसाइड करने वाली छात्रा के पिता ने राहुल गांधी से क्या कहा?
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में लोकसभा में नेता प्रतिपक्षा और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को संबोधित किया।

डिजिटल डेस्क, देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में लोकसभा में नेता प्रतिपक्षा और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को संबोधित किया। ये कार्यक्रम नीट पेपर लीक को लेकर रखा गया था। इस दौरान उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर जोरदार निशाना साधा है। साथ ही उन्होंने पेपर लीक के बाद सुसाइड करने वाली रिया कुमारी के पिता राजेश मल्ल को स्टेज पर आने को कहा, जहां पर वह राहुल गांधी के सामाने भावुक नजर आए। इस दौरान कांग्रेस नेता ने कहा कि वो इस मामले को संसद में उठाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले ने पूरे सिस्टम को अपने कब्जे में ले लिया है।

रिया के पिता ने क्या कहा?

मृतक रिया के पिता ने मंच से अपनी बात रखते हुए कहा, "मेरी बेटी 3 मई को पेपर देकर आई और बहुत खुश थी। उसने कहा कि पेपर बहुत अच्छा गया। उसके बाद वो खाना खाकर सो गई। दो-चार दिन के बाद जब ये मैसेज आया कि पेपर लीक हो गया है तो मेरी बेटी ने मुझे मोबाइल फोन दिखाया और कहा कि पापा पेपर लीक हो गया। मुझे लगा वो झूठी खबर होगी। उसने कहा सच में पेपर लीक हुआ है। हम लोगों के साथ धोखा होता है। हमेशा पेपर लीक हो जाता है। हम लोग मेहनत करते हैं, लेकिन नतीजा कभी भी हमारे फेवर में नहीं आता।"

इस वजह से परेशान थी रिया

पिता राजेश मल्ल आगे कहते हैं, "पेपर लीक की वजह से मेरी बेटी परेशान हो गई। NTA जो ये पेपर कराती है उससे वो बहुत गुस्सा थी। मेरी बेटी ने कहा पापा हम जाते हैं पेपर देने तो हमारे लिए इतनी पाबंदियां हैं कि हम हाथ में धागा पहनकर नहीं जा सकते, लेकिन ये बस ऊपर से ही पेपर लीक कर देते हैं। ऐसा क्यों होता है तो मैंने बोला ये सिस्टम खराब है, हम इसे नहीं बदल सकते। मेरी बेटी 10 घंटे पढ़ती थी। वो बोली इतनी तैयारी करके मैंने एग्जाम दिया अब दोबारा कैसे होगा। मैंने उससे कहा कि बेटा ज्यादा टेंशन न ले, लेकिन वो एनटीए से काफी नाराज थी।" उन्होंने यह भी कहा, "जो मेरी बेटी के साथ हुआ, वो किसी और बेटी के साथ न हो. राहुल जी, आप संसद में हमारी आवाज उठाइए।"

Created On :   17 July 2026 9:44 PM IST

Tags

Next Story