Ram Raksha Movement: उद्धव गुट को भगवान राम और हनुमान की क्यों आती है याद? संजय शिरसाट ने आंदोलन को लेकर किया स्पष्ट

उद्धव गुट को भगवान राम और हनुमान की क्यों आती है याद? संजय शिरसाट ने आंदोलन को लेकर किया स्पष्ट
महाराष्ट्र में शिवसेना (यूबीटी) के 'राम रक्षा आंदोलन' को लेकर राजनीति गरमाई हुई है। इस पर राज्य सरकार में मंत्री संजय शिरसाट का एक बयान सामने आया है।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में शिवसेना (यूबीटी) के 'राम रक्षा आंदोलन' को लेकर राजनीति गरमाई हुई है। इस पर राज्य सरकार में मंत्री संजय शिरसाट का एक बयान सामने आया है। उन्होंने उद्धव ठाकरे पर हमला करते हुए कहा कि अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर यह आंदोलन किया जा रहा है, जो इस बात का सबूत है कि उन्हें भगवान राम और हनुमान की याद सिर्फ आंदोलन के समय ही किया जाता है।

उद्धव गुट के आंदोलन पर क्या बोले?

मंत्री ने छत्रपति संभाजीनगर में कहा, "यह उनका आंदोलन है और इस पर ज्यादा कुछ कहने की जरूरत नहीं है लेकिन इससे यह साबित होता है कि उन्हें (उद्धव ठाकरे को) भगवान राम और हनुमान की याद केवल आंदोलन के समय आती है। उन्होंने हनुमान चालीसा भी पढ़ी है और अब धार्मिक बनने लगे हैं।" उन्होंने आगे कहा कि विडंबना यह रही कि उद्धव ठाकरे को साल 2024 में अयोध्या राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण दिया गया था, लेकिन इस कार्यक्रम में वे शामिल नहीं हुए थे और अब उसी राम मंदिर के मुद्दे पर आंदोलन किया जा रहा है।

साल 2022 की घटना का किया जिक्र

संजय शिरसाट ने साल 2022 की एक घटना का जिक्र किया है, जिसमें पूर्व सांसद नवनीत राणा ने उद्धव ठाकरे के आवास 'मातोश्री' के बाहर हनुमान चालीसा पाठ पढ़ने की घोषणा की थी। उन्होंने आगे कहा कि इसके लिए राणा को कुछ दिनों के लिए जेल भी जाना पड़ा था। उन्होंने आगे स्पष्ट करते हुए कहा कि 18 जुलाई को नागपुर में उद्धव गुट का यह आंदोलन होने वाला है, लेकिन सरकार इस विरोध प्रदर्शन पर कोई रोक नहीं लगाएगी।

NDA को लेकर क्या कहा?

संजय शिरसाट ने अपने इस बयान के दौरान महाराष्ट्र की राजनीति में संभावित बदलाव के संकेत देते हुए कहा, "राजनीति में बदलाव हो रहे हैं। मैंने सुना है कि शरद पवार की राजग के साथ बातचीत हो रही है। वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल और सुनील तटकरे भी अलग-अलग बातचीत कर रहे हैं। इन वार्ताओं का नतीजा कुछ दिनों या एक सप्ताह में सामने आ जाएगा।"

Created On :   17 July 2026 10:48 PM IST

Tags

Next Story