Maharashtra Politics: शिवसेना यूबीटी सांसद ने किया बड़ा दावा, कहा 'CM पद छोड़कर दिल्ली जा सकते हैं फडणवीस'

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में एक नई बहस छिड़ी गई हैं। शिवसेना (यूबीटी) के नेता और सांसद संजय राउत ने एक बड़ा दावा किया है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि अगर आने वाले एक-दो महीनों में केंद्र में मंत्रिमंडल का विस्तार या फेरबदल होता है तो राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसी स्थिति बनती है तो राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के केंद्र में जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है और उनकी जगह बीजेपी के किसी वरिष्ठ नेता को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी दी जा सकती है। ये टिप्पणी उन्होंने नागपुर दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में की है।
यह भी पढ़े -महाराष्ट्र में 2047 तक लगाए जाएंगे 300 करोड़ पेड़, डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार ने की अभियान में जुड़ने की अपील
संभावित मंत्रिमंडल में फेरबदल?
संजय राउत शुक्रवार को नागपुर में पार्टी के 'राम रक्षा आंदोलन' की तैयारियों का देखने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उनसे मीडियाकर्मियों ने केंद्र और महाराष्ट्र में संभावित मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर सवाल पूछा, इसके जवाब में उन्होंने कहा कि अगर केंद्र में बदलाव होता है तो इसका असर महाराष्ट्र की सत्ता पर भी पड़ने वाला है। उन्होंने कहा, "अगर केंद्र में मंत्रिमंडल का फेरबदल होता है तो देवेंद्र फडणवीस देश की सेवा के लिए दिल्ली जा सकते हैं और महाराष्ट्र में बीजेपी का कोई वरिष्ठ मंत्री मुख्यमंत्री बन सकता है।"
शिवसेना यूबीटी के आंदोलन की कब होगी शुरुआत
संजय राउत ने इस दौरान बताया कि 18 जुलाई को नागपुर में राम रक्षा आंदोलन का आयोजन होगा। इसका आयोजन अयोध्या के राम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी और धन के दुरुपयोग के आरोपों के विरोध में हो रहा है। उनका कहना है कि इस आंदोलन के लिए सभी हिंदुत्ववादी संगठनों को आमंत्रित किया गया है। उनका कहना है, "हमने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से अनुरोध किया है कि यदि वे स्वयं नहीं आ सकें तो अपना कोई प्रतिनिधि भेजें। इसके अलावा बीजेपी सहित अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं और स्थानीय विधायकों को भी आमंत्रित किया गया है।"
Created On :   17 July 2026 5:12 PM IST














