मौसम अपडेट: बिहार से लेकर सिक्किम तक होगी झमाझम बारिश, अलर्ट जारी, जैसलमेर-बाड़मेर में बादल छाए रहने की उम्मीद

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से देश के कई हिस्सों में मौसम बदल गया है। कई जगह बारिश हो रही है और आने वाले दिनों में इसका असर और बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने 17 राज्यों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। कुछ इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। विभाग ने लोगों से पानी भरे स्थानों से दूर रहने की अपील की है। किसानों को भी खेतों से पानी निकालने का इंतजाम करने की सलाह दी गई है, ताकि फसलों को नुकसान कम हो।
यह भी पढ़े -महाराष्ट्र पुणे में 21 जुलाई से 3 अगस्त तक लागू रहेंगे प्रतिबंधात्मक आदेश, पांच या अधिक लोगों के जमाव पर रोक
इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार अगले सात दिनों तक पूर्वोत्तर भारत, बिहार, उत्तर प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पहाड़ी इलाकों में अच्छी बारिश हो सकती है। 18 और 19 जुलाई को पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में बहुत ज्यादा बारिश होने की आशंका है। वहीं दक्षिण भारत और मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश पहले के मुकाबले कम रह सकती है।
बिहार में कई जिलों के लिए अलर्ट
18 से 23 जुलाई के बीच बिहार के ज्यादातर जिलों में बारिश होने का अनुमान है। पटना, गया, नालंदा, मुजफ्फरपुर, वैशाली, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया, सहरसा, सुपौल और कई दूसरे जिलों में बारिश हो सकती है। 19 और 20 जुलाई को कुछ जगह बहुत तेज बारिश होने की संभावना है। इसके बाद भी कई इलाकों में लगातार पानी गिर सकता है।
राजस्थान में भी बदलेगा मौसम
राजस्थान के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में 18 से 23 जुलाई तक बारिश होने की संभावना है। जयपुर, अजमेर, कोटा, टोंक, अलवर, भरतपुर, जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर और आसपास के कई जिलों में बादल छा सकते हैं। 20 से 23 जुलाई के बीच कुछ जगह गरज के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
Created On :   18 July 2026 8:49 AM IST












