Skyroot Vikram 1 Rocket Launch: भारत का पहला प्राइवेट ऑर्बिटल रॉकेट हुआ लॉन्च, अंतरिक्ष में भारत की बड़ी 'उड़ान', जानें क्या है इसकी खूबियां

भारत का पहला प्राइवेट ऑर्बिटल रॉकेट हुआ लॉन्च, अंतरिक्ष में भारत की बड़ी उड़ान, जानें क्या है इसकी खूबियां
देश का पहला प्राइवेट रॉकेट स्काईरूट एयरोस्पेस का 'विक्रम 1' लॉन्च हो गया है। स्काईरूट एयरोस्पेस ने बताया है कि रॉकेट में पीएम मोदी के हाथ से लिखा एक पोस्टकार्ड भी रखा है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत ने अंतरिक्ष मिशन में एक और उपलब्धि दर्ज करने की तैयारी कर ली है। स्काईरूट एयरोस्पेस का 'विक्रम-1' रॉकेट श्रीहरिकोटा से लॉन्च कर दिया गया है। इसकी लॉन्चिंग से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने इस मिशन की जमकर तारीफ की है। उन्होंने इसे भारत की अंतरिक्ष यात्रा के लिए एक बहुत ही ऐतिहासिक स्टडी बताया है। उन्होंने टीम को शुभकामनाएं दी हैं और कहा है कि ये नई ऊंचाइयों को छुए, इतिहास रचे और नई जेनेरेशन को भी प्रेरित करे।

क्या है इसकी खासियत?

बता दें, विक्रम-1 पूरी तरह एक भारतीय प्राइवेट कंपनी की तरफ से तैयार किया गया देश का पहला ऑर्बिटल लॉन्च है। इसे सैटेलाइट्स को पृथ्वी की कक्षा तक पहुंचाने के लिए बनाया गया है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके ऑर्बिटल एडजस्टमेंट मॉड्यूल में पूरी तरह 3डी प्रिंटेड लिक्विड इंजन लगाया गया है। किसी भारतीय कक्षीय प्रक्षेपण यान में पहली बार इस तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस वजह से इस मिशन पर देश ही नहीं, दुनिया की भी नजर बनी हुई है।

अंतरिक्ष में जाएगा 'वंदे मातरम' संदेश

इस मिशन के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ से लिखा 'वंदे मातरम' संदेश वाला एक पोस्टकार्ड भी भेजा जाएगा। इसके अलावा स्काईरूट के कर्मचारियों, निवेशकों, नीति-निर्माताओं और दुनिया भर के शुभचिंतकों के हाथों से लिखे संदेश भी इस मिशन का हिस्सा बनाए गए हैं। कंपनी का कहना है कि ये संदेश भारत के प्राइवेट अंतरिक्ष अभियान के प्रति लोगों के विश्वास और समर्थन का प्रतीक हैं।

निजी अंतरिक्ष क्षेत्र को मिलेगी नई पहचान

स्काईरूट का मानना है कि अगर विक्रम-1 की यह परीक्षण उड़ान सफल रहती है, तो भारतीय निजी अंतरिक्ष कंपनियों की तकनीकी क्षमता दुनिया के सामने और मजबूत होकर उभरेगी। साथ ही देश के लिए कॉमर्शियल सैटेलाइट लॉन्च के नए अवसर भी खुलेंगे। प्रधानमंत्री ने देशवासियों, खासकर युवाओं से इस ऐतिहासिक मिशन का उत्साह बढ़ाने और टीम को अपनी शुभकामनाएं देने की भी अपील की है।

Created On :   18 July 2026 12:29 PM IST

Tags

Next Story