भूकंप से थर्राया हिमाचल: चंबा में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके, रिएक्टर स्केल पर 5.3 रही तीव्रता

चंबा में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके, रिएक्टर स्केल पर 5.3 रही तीव्रता
  • भूकंप से कांपी हिमाचल की धरती
  • चंबा जिले में महसूस किए गए झटके
  • धरती से 10 किमी नीचे था केंद्र

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश की धरती आज भूकंप के झटकों से थर्रा गई। राज्य के चंबा जिले में गुरुवार की रात भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। जानकारी के अनुसार रिएक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.3 रही। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक भूकंप रात करीब साढ़े 9 बजे आया। करीब 32 सेकंड तक इसके झटके महसूस किए गए। इसके साथ ही हिमाचल के पड़ोसी राज्य पंजाब और हरियाणा की धरती भी भूकंप के तेज झटकों से कांपी।

राष्ट्रीय भूकंप केंद्र के मुताबिक भूकंप की गहराई चंबा में जमीन से 10 किलोमीटर नीचे थी। बता दें कि इससे तीन दिन पहले यानी 1 अप्रैल को हिमाचल के चमोली और लाहौल स्पीति में कम तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए थे।

जानमाल को कोई नुकसान नहीं

हिमाचल के चंबा में आए इस भूकंप से अभी तक किसी जानमाल के नुकसान की कोई खबर सामने नहीं आई है। स्थानीय लोग भूकंप के तेज झटके महसूस करते ही अपने घरों से बाहर निकल आए। बता दें कि 4 अप्रैल के दिन ही आज से 119 साल पहले यानी सन 1905 में हिमाचल प्रदेश में भीषण भूकंप आया था। 7.8 तीव्रता वाले इस भूकंप में 20 हजार लोग मारे गए थे।

ताइवान में भीषण भूकंप, दो भारतीय लापता

एशियाई देश ताइवान में भी 3 अप्रैल को 7.5 तीव्रता का भूकंप आया था। इस भूकंप में 100 से ज्यादा बिल्डिंग, सड़के और पुल तबाह हो गए थे। 9 लोग इस भीषण भूकंप में मारे गए जबकि 100 से ज्यादा लोग लापता बताए जा रहे हैं। जिसमें दो भारतीय भी शामिल हैं। लापता लोगों को ढूढ़ने के लिए ताइवान की सरकार सर्च ऑपरेशन चला रही है। भारतीय समयानुसार यह भूकंप बुधवार की सुबह साढ़े पांच बजे हुलिएन सिटी में आया था।

Created On :   4 April 2024 6:26 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story