Police-Naxalite encounter in Sukma: सुरक्षाबलों ने एनकाउंटर में मारे गिराए दो नक्सली, भारी मात्रा में हथियार किए बरामद, सर्च ऑपरेशन जारी

- सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच सुकमा के जंगल में हुई मुठभेड़
- सुरक्षाबलों ने मार गिराए दो नक्सली
- मारे गए नक्सलियों में 5 लाख का इनामी कमांडर बमन भी शामिल
डिजिटल डेस्क, रायपुर। छत्तीसगढ़ में जवानों को एक और बड़ा कामयाबी मिली है। नक्सल प्रभावित जिले सुकमा के कुकानार थाना क्षेत्र के पुसगुन्ना जंगल में पुलिस और डीआरजी के जवानों ने दो नक्सलियों को मार गिराया है। इनमें एक 5 लाख इनामी नक्सली और एक महिला नक्सली है। जवानों ने नक्सलियों के शव और हथियार बरामद कर लिए हैं। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सुकमा डीआरजी और पुलिस को बुधवार सुबह नक्सल ग्रुप के मौजूद होने की जानकारी मिली थी। जिसके बाद जवानों को सर्च ऑपरेशन के लिए भेजा गया। दोपहर में जवान जब लोकेशन पर पहुंचे तो उन्हें देखते ही नक्सलियों ने उन पर फायरिंग करनी शुरु कर दी।
5 लाख इनामी नक्सली हुआ ढेर
नक्सलियों की फायरिंग पुलिस और डीआरजी की संयुक्त टीम ने करारा जवाब दिया। जवानों की फायरिंग में पेडारस एलओएस (Local Organization Squad) कमांडर बमन मारा गया। उसके ऊपर 5 लाख का इनाम घोषित था। वहीं, मुठभेड़ में मारी गई महिला नक्सली के शव की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है।
मौके से पुलिस ने एक इंसास राइफल, एक 12 बोर राइफल समेत अन्य हथियार, गोलाबारूद और विस्फोटक बरामद किए गए हैं। वहीं घने जंगलों का फायदा उठाकर नक्सली मौके से भाग गए।
सीएम साय ने सुरक्षाबलों की तारीफ की
सुरक्षाबलों की इस कामयाबी पर छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, सुरक्षाबल के जवान पूरी ताकत के साथ नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। नक्सलवाद के खिलाफ यह सफलता सुरक्षा बलों के अथक प्रयासों का परिणाम है। राज्य सरकार नक्सलवाद के खात्मे के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। जवानों को हर संभव मदद और सहयोग दिया जाएगा।
Created On :   11 Jun 2025 11:36 PM IST