Bharat Bhakti Yatra: महिला समन्वय समिति की ओर से DB मॉल से शौर्य स्मारक तक भारत भक्ति यात्रा का आयोजन, लेफ्टिनेंट जनरल मानवेन्द्र ने कहा- ऑपरेशन सिंदूर भारत की सोची समझी कार्रवाई

महिला समन्वय समिति की ओर से DB मॉल से शौर्य स्मारक तक भारत भक्ति यात्रा का आयोजन, लेफ्टिनेंट जनरल मानवेन्द्र ने कहा- ऑपरेशन सिंदूर भारत की सोची समझी कार्रवाई
  • डीबी मॉल से शौर्य स्मारक तक भारत भक्ति यात्रा का आयोजन
  • लेफ्टिनेंट जनरल मानवेन्द्र ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर दिया बड़ा बयान
  • विश्व ने भारत की शक्ति को देखा- लेफ्टिनेंट जनरल मानवेन्द्र सिंह

डिजिटल डेस्क, भोपाल। हम सभी जानते हैं कि पिछले कुछ दिनों में भारत में क्या हुआ और हमारी सेना ने क्या किया। 22 अप्रैल को देश ने जो भयानक दृश्य देखा, वह दुखदायी और आक्रोशित करने वाला था। पहलगाम आतंकी हमले के जरिये भारत को कमजोर करने और समाज को बांटने की साजिश आतंकियों ने की थी। आतंकी हमले का उत्तर देने के लिए भारतीय सेना ने जो ऑपरेशन सिंदूर चलाया, वह कोई मामूली ऑपरेशन नहीं था। यह तैयारी कई वर्षों से थी। यह भारत की सोची, समझी और योजनाबद्ध ढंग से की गई कार्रवाई थी। यह बात सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल मानवेन्द्र सिंह ने मंगलवार को भोपाल में आयोजित हुई भारत भक्ति यात्रा में कही। भारतीय सेना के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने के लिए डीबी मॉल के सामने आयोजित इस यात्रा में लेफ्टिनेंट जनरल मानवेन्द्र सिंह बतौर मुख्य वक्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का आयोजन महिला समन्वय समिति की ओर से किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकार रंजना चितले, मध्य भारत प्रांत सह संयोजिका महिला समन्वय सुनंदा रघुवंशी, विभाग संयोजिका महिला समन्वय कुसुम सिंह सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति व विभिन्न महिला संगठनों की कार्यकर्ता उपस्थित हुईं। इस अवसर पर विशेष रूप से सैन्य परिवारों से जुड़ी मातृशक्तियों कैप्टन अंजू, शशि सिंहो, साधना शर्मा, डॉ. मंजू मेहता, आरती लार्ड और सिया देवी तोमर आदि को सम्मानित किया गया।

विश्व ने भारत की शक्ति को देखा- लेफ्टिनेंट जनरल मानवेन्द्र सिंह

लेफ्टिनेंट जनरल मानवेन्द्र सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से देश-दुनिया ने भारत की शक्ति को देखा। सेना की इस शक्ति को देख पाकिस्तान बुरी तरह घबरा गया। भारतीय सेना की क्षमता, कुशलता और देशभक्ति के जज्बे को देख हम सभी को अपनी सेना पर गर्व है। ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से उन तमाम शक्तियों को भी संदेश मिला जो पाकिस्तान की छुपकर मदद कर रहे थे। भारतीय सेना के पराक्रम और शौर्य ने यह स्पष्ट कर दिया कि भारत अपनी सुरक्षा स्वयं करने में सक्षम है उसे किसी दूसरे देश के सामने झुकने की आवश्यकता नहीं। लेफ्टिनेंट जनरल ने कहा कि पहली बार भारत की सामूहिक शक्ति का प्रदर्शन हुआ है और सभी ने भारत का धैर्य भी देखा। ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से कई आयाम देखने को मिले। पूरी दुनिया आतंकवाद से जिस तरह से परेशान थी, भारत ने उसे दूर करने का काम किया है। लेफ्टिनेंट जनरल मानवेन्द्र सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता नये भारत के आत्मविश्वास को दर्शाती है। यह सच है कि यह जो भी हुआ वह एक सशक्त नेतृत्व के कारण ही संभव हो पाया है। हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्पष्ट मत है कि पानी और खून साथ नहीं बहेगा, टेरर और टॉक एक साथ नहीं चलेगा।

भारत की सामरिक क्षमता दुनिया के सामने है- वरिष्ठ साहित्यकार रंजना चितले

वरिष्ठ साहित्यकार रंजना चितले ने कहा कि हमारे सैनिकों का कार्य विराट है, क्षमताएं अद्भुत हैं, इन्हें शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि आज राष्ट्र गौरव का यह भाव समूचा देश अनुभव कर रहा है। रंजना चितले ने कहा कि आतंकवादियों ने पहलगाम में लोगों से उनका धर्म पूछा और 26 निर्दोष लोगों की हत्या कर दी। इससे समूचा देश आक्रोशित हो गया। आतंकवादियों ने इस घटना से देश का मान भंग करने और भारत की संपूर्ण नारी शक्ति, माता बहनों का मनोबल तोड़ने का कायरता पूर्ण कार्य किया। इन आतंकवादियों ने हमारी बहनों के सामने उनके माथे का सिंदूर पौंछा था। जिसका हमारी सरकार और हमारी सेना ने बदला ले लिया है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के द्वारा भारत की सामरिक क्षमता दुनिया के सामने है।

भारत माता की आरती के बाद संपन्न हुई यात्रा

कार्यक्रम के बाद महिला समन्वय द्वारा भारत शक्ति यात्रा निकाली गई। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, पुरुष और एनसीसी कैडेट्स शामिल हुए। सभी के हाथों में भारतीय ध्वज था और सभी एक स्वर में भारत माता के जयकारे का उद्घोष करते हुए शौर्य स्मारक की तरफ बढ़े। इस दौरान उपस्थित लोगों ने ऑपरेशन सिंदूर जिंदाबाद के नारे भी लगाये। यह यात्रा शौर्य स्मारक पर समाप्त हुई जहां सभी ने भारत माता की सामूहिक आरती की। समाज में सामाजिक एकता का समांजस्य और सौहार्द का संदेश व्याप्त हो इसी संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Created On :   21 May 2025 12:12 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story