एशिया कप: दिवाली पर हॉकी टीम का देश को 'तोहफा', मलेशिया को दी मात

Asia Cup hockey tornament India team beats Malaysia by 6-2
एशिया कप: दिवाली पर हॉकी टीम का देश को 'तोहफा', मलेशिया को दी मात
एशिया कप: दिवाली पर हॉकी टीम का देश को 'तोहफा', मलेशिया को दी मात

डिजिटल डेस्क, ढाका। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में खेले जा रहे 10वें एशिया कप में गुरुवार को इंडियन हॉकी टीम का मुकाबला मलेशिया से हुआ। इस मुकाबले में इंडिया टीम ने मलेशिया को 6-2 से हराकर देश के लोगों को दिवाली का शानदार गिफ्ट दिया। सुपर-4 में इंडिया का पहला मुकाबला साउथ कोरिया से हुआ था, जिससे टीम ने ड्रॉ खेला था। मलेशिया पर जीत के बाद टीम इंडिया अब टॉप पर पहुंच गई है। इसके साथ ही रविवार को होने वाले फाइनल मुकाबले में पहुंचने की अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है। वहीं अब इसके बाद शनिवार को इंडिया का मुकाबला चिर-विरोधी टीम पाकिस्तान से होगा। इससे पहले भी दोनों टीम पूल मैच में भिड़ चुकी है, जहां इंडियन टीम ने पाकिस्तान को 3-1 से हरा दिया था। 

इंडिया की तरफ से किसने दागे गोल? 

इंडिया टीम की तरफ से अक्शदीप सिंह (15वें मिनट), हरमनप्रीत सिंह (19वें मिनट), एसके उथप्पा (24वें मिनट), गुरजंत सिंह (33वें मिनट), एसवी सुनील (40वें मिनट) और सरदार सिंह (60 वें मिनट में) ने 1-1 गोल दागे। वहीं मलेशिया की तरफ से रजी रहीम (50वें मिनट) और रमादान रोसली (59वें मिनट) ने गोल किए।

कैसा रहा मुकाबला? 

मैच शुरू होने के पहले क्वार्टर में इंडियन टीम पूरी तरह से मलेशिया पर हावी रहा और उसने मलेशिया को कोई भी मौका नहीं दिया। 15 मिनट तक थोड़ी टक्कर होने के बाद आखिरकार अक्शदीप सिंह ने 15वें मिनट में गोल कर इंडिया को 1-0 की लीड दिलाई। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में मलेशिया ने एग्रेसिव रुख अपनाया, लेकिन पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करने में नाकाम रही। वहीं इंडिया को मिले तीसरे पेनल्टी कॉर्नर को हरमनप्रीत सिंह ने 19वें मिनट में गोल में तब्दील कर दिया। इसके बाद एसके उथप्पा ने भी 24वें मिनट में गोल कर दूसरे क्वार्टर का खेल खत्म होने तक स्कोर 3-0 पर ला दिया। तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही गुरजंत सिंह ने 33वें मिनट में गोल कर इंडिया को 4-0 से आगे कर दिया। गुरजंत के बाद एसवी सुनील ने भी 40वें मिनट में गोल कर इंडिया को 5-0 की बढ़त दिलाई। तीसरे क्वार्टर में मलेशिया को कई मौके मिले, लेकिन वो उसका फायदा नहीं उठा पाई। 

चौथा क्वार्टर मलेशिया के लिए थोड़ी राहत भरी खबर लेकर आया और उसने 50वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर 5-1 कर दिया। मलेशिय की तरफ से रजी रहीम ने पहला गोल किया। इसके बाद मलेशिया को 4 और पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन गोलकीपर आकाश ने उसकी सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। आखिरी समय में 59वें मिनट में मलेशिया के रमादान रोसली ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किया और स्कोर को 5-2 से ला दिया। इसके बाद 60वें मिनट में काफी जद्दोजहद के बाद सरदार सिंह ने गोल कर स्कोर 6-2 पर ला दिया। इसी के साथ इंडिया टीम ये मुकाबला जीतने में कामयाब हो गई।

सुपर-4 में इंडिया टॉप पर

  1. इंडिया टीम : 2 मैच - 4 पॉइंट्स
  2. मलेशिया : 2 मैच - 3 पॉइंट्स
  3. साउथ कोरिया : 2 मैच - 2 पॉइंट्स
  4. पाकिस्तान : 2 मैच - 1 पॉइंट्स

5 में से 4 मैच जीत चुकी है इंडिया टीम

इस टूर्नामेंट में इंडिया टीम ने अपने पहले राउंड के सभी मैच जीते थे। टीम इंडिया पहले जापान को 5-1 और फिर बांग्लादेश को 7-0 से हराने के बाद धुर-विरोधी टीम पाकिस्तान को भी 3-1 से रौंदने में सफल रही थी। इसके बाद साउथ कोरिया के खिलाफ सुपर-4 का पहला मैच खेला, जिसमें टीम ये मैच ड्रॉ कराने में कामयाब रही। वहीं दूसरे मैच में इंडिया टीम मलेशिया को 6-2 से हरा चुकी है। इस टूर्नामेंट में इंडिया का मुकाबला 21 अक्टूबर को एक बार फिर पाकिस्तान से होगा।

Created On :   20 Oct 2017 3:09 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story