मेरा नाम राहुल सावरकर नहीं, मर जाऊंगा पर माफी नहीं मांगूंगा- राहुल गांधी

मेरा नाम राहुल सावरकर नहीं, मर जाऊंगा पर माफी नहीं मांगूंगा- राहुल गांधी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी मोदी सरकार को गिरती अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी, नागरिकता संशोधन कानून और किसानों की समस्या जैसे कई मुद्दों पर घेरने में जुट गई है।  कांग्रेस आज (शनिवार) दिल्ली के रामलीला मैदान में "भारत बचाओ" रैली कर रही है। रैली को सफल बनाने के लिए देशभर से पार्टी कार्यकर्ता रामलीला मैदान पहुंचे हैं।

कठोर संघर्ष करना होगा- सोनिया गांधी

कांग्रेस अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि किसी भी व्यक्ति, समाज और देश की जिंदगी में कभी-कभी ऐसा समय आता है कि उसे इस पार या उस पार का फैसला लेना पड़ता है। आज वहीं वक्त आ गया है। देश को बचाने है तो हमें कठोर संघर्ष करना होगा।

उन्होंने कहा कि हमारे युवा बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं। लगी-लगाई नौकरियां भी जा रही है। उनके सामने अंधेरा ही अंधेरा है। किसानों को खेतों के लिए समय पर बीज नहीं मिल रहा। पानी-बिजली और फसल का उचित दाम नहीं मिल रहा है। हमें उनके लिए संघर्ष करना होगा। सोनिया गांधी ने कहा कि छोटे-बड़े कारोबारियों ने बैंकों से कर्ज लेकर काम-धंधा शुरू किया था, वो मोदी सरकार की गलत नीतियों के कारण तबाह हो गए हैं। कर्ज न चुका पाने के कारण पूरे परिवार के साथ आत्महत्या करने को मजबूर हो गए हैं। 

उन्होंने कहा कि आज जब मर्जी आए कोई धारा लगा दो, हटा दो। प्रदेश का दर्जा हटा दो। बिना बहस के कोई भी विधेयक पारित कर दो। ये संविधान दिवस मनाने का दिखावा तो करते हैं, मगर हर रोज संविधान की धज्जियां उड़ाते हैं। मोदी-शाह का एक ही संकीर्ण एजेंडा है- लोगों को लड़ाओ और असली मुद्दों को छुपाओ। सोनिया ने आगे कह, "सिर्फ कांग्रेस ने हमेशा जनता के हितों की लड़ाई लड़ी है। आज भी कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी। अपनी अंतिम सांस तक हम देश, लोकतंत्र, संविधान की रक्षा का कर्त्तव्य निभाते रहेंगे।"

 

भाजपा सरकार देश को कमजोर कर रही है - राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि हमने राज्यों में कर्जा माफ क्यों किया। हम सही एमएसपी क्यों देते हैं क्योंकि हम जानते हैं कि किसानों के बिना अर्थव्यवस्था आगे नहीं जा सकती। कांग्रेस ने मनरेगा क्यों किया क्योंकि हम जानते हैं कि मजदूरों के बिना देश आगे नहीं जा सकता। पूरे देश ने नरेंद्र मोदी को चुना, क्यों चुना देश को मजबूत करने के लिए, लेकिन उन्होंने नहीं किया। जम्मू-कश्मीर और नॉर्थ-ईस्ट जाकर देखिए मोदीजी ने क्या काम किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार देश को कमजोर कर रही है। टीवी पर नरेंद्र मोदी रोज दिखाई देते हैं, दिनभर दिखते हैं। टीवी पर 30 सेकंड का विज्ञापन आता है। मनमोहन सिंह को आप कभी टीवी पर देखते हैं। मोदी जब टीवी पर आते हैं तो उसका खर्चा कौन देता है। 

 

मेरा नाम राहुल सावरकर नहीं- गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि मुझे भाजपा ने माफी मांगिए। मेरा नाम राहुल सावरकर नहीं है, मेरा नाम राहुल गांधी है। मैं मर जाऊंगा पर माफी नहीं मांगूगा। माफी नरेंद्र मोदी को मांगनी है। मोदी और अमित शाह को देश से माफी मांगनी है। क्यों मांगनी है यह बताने आया हूं। देश की आत्मा, शक्ति इसकी अर्थव्यवस्था थी। पूरी दुनिया देखती थी कि भारत में क्या हो रहा है। उन्होंने कहा कि दुनिया का भविष्य चाइना और इंडिया था, लेकिन आज ये प्याज पकड़े हुए हैं। हिंदुस्तान की अर्थव्यवस्था मोदी जी ने स्वयं अकेले नष्ट कर दी। नरेंद्र मोदी 8 बजे रात को टीवी पर आए और ऐसी चोट मारी कि आजतक नुकसान ठीक नहीं हुआ।

राहुल ने कहा कि मोदी सरकार ने झूठ कहा है। आपके जेब से पैसे निकालकर अंबानी और अडानी के हवाने कर दिए है। मनमोहन सिंह और चिदंबरम जी ने कहा था कि जीएसटी पायलट प्रोजेक्ट के बिना लागू मत कीजिए। उन्होंने कहा नहीं और रात 12 बजे गब्बर सिंह टैक्स लागू कर दिया। जीडीपी जो पहले 9 प्रतिशत थी, आज 4 परसेंट पर आ गई है। 

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हिंदुस्तान के सब दुश्मन चाहते थे कि देश की अर्थव्यवस्था नष्ट हो जाए। जो काम दुश्मनों ने नहीं किया वो प्रधानमंत्री ने कर दिया और खुद को देशभक्त कहते हैं। पूरा पैदा उद्योगपतियों को दे दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच सालों में मोदी ने अडानी को 50 कांट्रेक्ट दिए हैं। एक लाख करोड़ रुपए से ज्यादा, देश के एयरपोर्ट पकड़ा दिया। क्यों दिया, इसको आप क्या कहेंगे। इसको चोरी नहीं कहेंगे, भ्रष्टाचार नहीं कहेंगे तो क्या कहेंगे। 

 

मोदी के सारे वादे झूठे- पूर्व पीएम सिंह

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि 6 साल पहले मोदी जी ने देश की जनता को बड़े-बड़े सपने दिखाए। उन्होंने जनता से वादा किया था कि वो 2024 तक देश की राष्ट्रीय आमदनी पांच ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचा देंगे। उन्होंने कहा कि, पीएम मोदी ने किसानों और नौजवानों से वादा किया था। अब यह साबित हो गया कि सारे वादे झूठे थे। देश की जनता को गुमराह करने के लिए जो वादे किए उसको पूरा करने में नाकाम रहे। 

आरएसएस राज कर रहा है- गहलोत

राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए, लेकिन कभी राजनीति नहीं की। मोदी जी सेना के पीछे छिपकर राजनीति करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, "भाजपा राज नहीं कर रही, आरएसएस राज कर रहा है। आरएसएस में दम है तो खुद को राजनीतिक दल घोषित करें।"

सबसे बड़ी चुनौती नौजवानों का भविष्य- कमलनाथ

मप्र के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, "आपका जोश और उत्साह देख मेरा खून 250 ग्राम बढ़ गया है। आजादी से लेकर समय-समय पर कांग्रेस ने देश को संदेश दिया है। आज की रैली भारत की तस्वीर है।" उन्होंने कहा कि आज सबसे बड़ी चुनौती नौजवानों का भविष्य की है। मोदी जी अब नौजवान की बात नहीं करते। कमलनाथ ने कहा कि पीएम मोदी राष्ट्रवाद की बात करते हैं। आप बता दीजिए भाजपा में कितने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रहे हैं। 

कांग्रेस ही एक विकल्प है- बघेल

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा कि आज ऐसा लगता है कि बंदर के हाथ में उस्तरा आ गया है। ये केवल काटना और बांटना जानते हैं। ये जीएसटी लाए, व्यापारी आत्महत्या करने लगे। उन्होंने कहा, नॉर्थ ईस्ट जल रह है, अब पूरे देश में एनआरसी लाना चाहते हैं। भाजपा पूरे देश में आग लगाना चाहती है। बघेल ने कहा कि इस रैली से पूरे देश को संदेश देना है कांग्रेस ही एक विकल्प है। 

सरकार संविधान के खिलाफ कम रही है - पायलट

राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि आज संदेश रामलीला मैदान से निकलकर पूरे देश में जाना चाहिए। सरकार संविधान के खिलाफ कम रही है। उसके खिलाफ हम सबको एक-साथ मिलकर एकजुटता दिखानी होगी। उन्होंने कहा, "चुनाव के बाद जनता को उम्मीद थी कि महंगाई कम होगी, रोजगार बढ़ेगा, लेकिन सरकार ने उम्मीदों पर चोट की। सरकार कुछ लोगों का स्वार्थ पूरा करने में लगी है।"

अच्छे दिन आज कच्चे साबित हो चुके हैं- सिंधिया

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, "हम देश को संदेश देना चाहते हैं कि बदला नहीं बदलाव जरूरी है। युवा बेरोजगार है, किसान कर्जदार है, अर्थव्यवस्था गिर रही है, बैंक घोटालों पर गरीबों का पैसा चंदे के आधार पर वसूला जा रहा है। अगर यह फिल्म का सीन है तो उस फिल्म का शीर्षक है सबकुछ ठीक है।" उन्होंने कहा कि अच्छे दिन आज कच्चे साबित हो चुके हैं। अब बदलाव की जरूरत है।

भाजपा है तो किसानों की आत्महत्या मुमकिन है - प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मोदी सरकार पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि देश की जीडीपी पाताल पर आ गई है। प्रियंका ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि, भाजपा है तो महंगा प्याज मुमकिन है।  चार करोड़ नौकरियां नष्ट हैं। किसानों की आत्महत्या मुमकिन है। भाजपा है तो जो कानून देश के खिलाफ है मुमकिन है। प्रियंका ने उत्राव की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, "जब मैंने एक छोटी बच्ची से पूछा कि बड़ी होकर तुम क्या बनोगी तो पहले उसने कुछ नहीं कहा, लेकिन बाद में कहा कि वकील, जो बड़ा होता है।"  प्रियंका ने कहा कि देश में जो रहा है उसे रोका हमारा कर्तव्य है। जो आज अन्याय के खिलाफ नहीं लड़ेंगे, वो इतिहास में कायर कहलाएंगे। 

 

  मोदी सरकार ने भारत की अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दी- चिदंबरम

कांग्रेस वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने कहा कि 6 महीने में मोदी सरकार ने भारत की अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। फिर भी वित्तमंत्री कहती है कि सब कुछ ठीक है, हम दुनिया में शीर्ष पर हैं। केवल एक चीज जो उन्होंने नहीं कहा, अच्छे दिन आने वाले हैं। 

 

- शुरू हुई कांग्रेस की भारत बचाओ रैली।

- रामलीला मैदान में उमड़ा जनसैलाब

- कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गाधी ने रैली से पहले एक ट्वीट किया। उन्होंने लिखा है कि, आज दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में कांग्रेस पार्टी की ओर से आयोजित भाजपा सरकारी की तानाशाहीस I.C.U में पहुंचा दी गई अर्थव्यवस्था और लोकतंत्र की हत्या के विरोध में जनसभा को संबोधित करूंगा। 

- रैली की तैयारी जारी

 

इस रैली में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पूर्व पीएम मनमोहन सिंह समेत कई दिग्गज नेता शामिल हो रहे हैं। रामलीला मैदान में रैली को लेकर पूरी तैयारियां हो गई हैं। कांग्रेस की रैली दोपहर करीब 12 बजे शुरू होगी। 

इस रैली में पार्टी के कई बड़े नेता संबोधित करेंगे। रैली के लिए तीन मंच बनाए गए हैं। मुख्य मंच पर पार्टी अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मनमोहन सिंह, केसी वेणुगोपाल जैसे वरिष्ठ नेता बैठेंगे। वहीं मुख्य मंच के दाहिने और बाएं तरफ मुख्यमंत्री, पार्टी महासचिव, प्रभारी नेता बैठेंगे। 
 

 

Created On :   14 Dec 2019 2:09 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story