डोकलाम हमारा हिस्सा, पिछले गतिरोध से सबक ले भारत : चीन

डोकलाम हमारा हिस्सा, पिछले गतिरोध से सबक ले भारत : चीन

डिजिटल डेस्क, पेइचिंग। डोकलाम को लेकर चीन के तेवरों में अब तक कोई कमी नहीं आई है। चीन की ओर से एक बार फिर इस मुद्दे पर बड़ा बयान आया है। इस बार चीन की पीपल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) की ओर से कहा गया है, "डोकलाम को लेकर भारत को किसी तरह का संदेह करने की जरूरत नहीं है। यह हमारा हिस्सा है और रहेगा। भारत को इस मुद्दे पर पिछले विवाद से सीख लेना चाहिए।"

PLA की ओर से यह बयान इंडियन आर्मी चीफ जनरल बिपिन रावत के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने डोकलाम को एक विवादित क्षेत्र बताया था। पिछले दिनों बिपिन रावत ने कहा था, "PLA ने उत्तरी डोकलाम को अपना बताता है लेकिन यह वास्तव में विवादित क्षेत्र है। इस क्षेत्र को लेकर भूटान और चीन के बीच विवाद है। यहां चीनी सेना ने अतिक्रमण जरूर किया था लेकिन गतिरोध के बाद वे पीछे हट गए थे।"

चीन की सेना को इंडियन आर्मी चीफ की यह टिप्पणी रास नहीं आई। गुरुवार को चीन के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल वू कियान ने कहा, "भारतीय पक्ष की ओर से की गई ताजा टिप्पणी से यह तो साफ है कि यह भारत का क्षेत्र नहीं हैं और भारतीय सैनिकों ने अवैध तरीके से सीमा में घुसपैठ की थी।" कर्नल ने कहा, "भारत को पिछले गतिरोध से सबक लेते हुए भविष्य में इस तरह की घटनाओं को टालने की कोशिश करनी चाहिए।" उन्होंने इस दौरान उन खबरों को भी खारिज किया, जिनमें कहा जा रहा था कि चीन अफगानिस्तान में एक सैन्य बेस स्थापित करना चाहता है।

गौरतलब है कि पिछले साल जून में चीनी सैनिकों द्वारा भूटान के डोकलाम क्षेत्र में रोड बनाने को लेकर दोनों देशों के बीच विवाद शुरू हुआ था। भारतीय सैनिकों ने भारत, चीन और भूटान के इस ट्राइजंक्शन में पहुंचकर चीनी सेना को रोड बनाने से रोक दिया था। इस दौरान दोनों देशों के सैनिकों के बीच हाथापाई भी हुई थी। इस घटना के बाद करीब ढाई महीनों तक डोकलाम में भारतीय-चीनी सैनिक एक-दूसरे के सामने डंटे हुए थे। इस दौरान चीनी मीडिया ने कई बार भारत को युद्ध की धमकी भी दी थी। हालांकि अगस्त के अंत तक यह विवाद सुलझा लिया गया था।

बता दें कि डोकलाम भूटान का क्षेत्र है, जिस पर चीन अपना हिस्सा होने का दावा करता आया है। वहीं भारत का कहना है कि चीन डोकलाम पर कब्जा कर भारत-चीन और भूटान के ट्राइजंक्शन का नक्शा बिगाड़ना चाहता है।

Created On :   25 Jan 2018 12:52 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story