टैरिफ विवाद: चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चेतावनी पर दी प्रतिक्रिया

- चीन और यूरोप के संबंध पर भी बोले वांग
- ट्रंप ने चीन पर लगाया रूस-यूक्रेन जंग में शामिल होने का गंभीर आरोप
- चीन किसी भी युद्ध में भाग नहीं लेता और न ही उसकी कोई योजना है
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चीन पर 50% से 100% टैरिफ करने की चेतावनी पर ड्रैगन ने प्रतिक्रिया दी है। चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने कहा कि जंग से समस्याएं नहीं सुलझतीं और प्रतिबंधों से हालात और बिगड़ते हैं। दोनों देशों के बीच टैरिफ विवाद बढ़ता ही जा रहा है। ये कोई पहला मौका नहीं जब ट्रंप ने चीन पर जंग में शामिल होने का आरोप लगाया है, इससे पहले भी ट्रंप ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग पर अमेरिका के खिलाफ साजिश करने के आरोप लगाए थे। येआरोप उस दौरान लगाए थे , जब चीन ने तीन सितंबर को अब तक की सबसे बड़ी सैन्य परेड की थी, जिसमें उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शामिल हुए थे। हालांकि ट्रंप ने बाद में कहा शी जिनपिंग से उनके व्यक्तिगत संबंध बहुत अच्छे हैं।
ट्रंप ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि नाटो को चीन पर 50-100% टैक्स लगाना चाहिए और यह टैक्स रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म होने तक जारी रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि चीन का रूस पर मजबूत नियंत्रण है, और ये टैरिफ टैक्स उस ताकतवर पकड़ को हिला सकते हैं, तोड़ सकते हैं। वांग यी ने स्लोवेनिया में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पर पलटवार किया। उन्होंने ये पीसी स्लोवेनिया में डिप्टी पीएम और विदेश मंत्री तान्या फयोन से मुलाकात के बाद की।
उन्होंने पीसी में अमेरिकी चेतावनी का जवाब देते हुए कहा कि चीन किसी भी जंग में शामिल नहीं लेता और न ही उसकी कोई योजना है। चीन हमेशा शांति वार्ता और राजनीतिक समाधान को बढ़ावा देता है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रतिबंध और टैरिफ से हालात नहीं सुधरते, बल्कि और उलझते हैं। यी ने आगे कहा कि चीन और यूरोप को प्रतिस्पर्धी नहीं, बल्कि सहयोगी बनना चाहिए। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र चार्टर के सिद्धांतों को साथ मिलकर सुरक्षित रखने की बात कही और दुनिया में फैले संघर्षों को शांति से सुलझाने पर जोर दिया।
Created On :   14 Sept 2025 1:05 PM IST