श्रीलंका में बोले PM- भारत की मजबूत होती स्थिति का श्रेय भारतीय प्रवासियों को भी

श्रीलंका में बोले PM- भारत की मजबूत होती स्थिति का श्रेय भारतीय प्रवासियों को भी
हाईलाइट
  • मालदीव के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया श्रीलंका का दौरा
  • श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाल सिरिसेना से की मुलाकात

डिजिटल डेस्क, कोलंबो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मालदीव के बाद आज (9 जून) श्रीलंका पहुंचे। श्रीलंका में भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, आज भारत को देखने का पूरे विश्व का नजरिया बदल गया है। भारत का गौरव बढ़ाने में, भारत के प्रति दुनिया का सकारात्मक ख्याल तैयार करने में विश्व में रह रहे भारतीयों ने बहुत बड़ी भूमिका अदा की है। 

लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, आजादी के बाद देश में हुए लोकसभा चुनावों में सबसे ज्यादा मतदान इस चुनाव में हुआ है। देश के इतिहास में पहली बार इस चुनाव में पहली बार महिलाओं ने सबसे ज्यादा मतदान किया। आज दुनिया में भारत की स्थिति मजबूत हो रही है और उसके क्रेडिट का एक बड़ा हिस्सा भारतीय प्रवासियों को जाता है। मैं जहां भी जाता हूं, भारतीय प्रवासी की सफलताओं और उपलब्धियों के बारे में बताया जाता है। संबोधन के बाद पीएम भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात भी की।

पीएम मोदी रविवार सुबह राजधानी कोलंबो पहुंचे। यहां श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत किया। पीएम मोदी ने कोलंबो के सेंट एंटनी चर्च में ईस्टर के मौके पर अप्रैल में हुए सीरियल बम ब्लास्ट में जान गंवा चुके लोगों को श्रद्धांजलि दी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कोलंबो में औपचारिक स्वागत किया गया। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति सचिवालय में पौधारोपण भी किया। इस दौरान श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाल सिरिसेना भी मौजूद रहे। पीएम ने राष्ट्रपति मैत्रीपाल सिरिसेना से औपचारिक मुलाकात की।

बता दें कि, श्रीलंका में ईस्टर के मौके पर हुए सीरियल ब्लास्ट के बाद पीएम मोदी इस देश का दौरा करने वाले पहले विदेशी नेता हैं।

श्रीलंका में हुए आतंकी हमले की निंदा करते हुए पीएम ने ट्वीट कर कहा, मुझे विश्वास है कि श्रीलंका फिर से उठेगा। आतंक के कायरतापूर्ण कृत्य श्रीलंका की भावना को नहीं हरा सकते। भारत श्रीलंका के लोगों के साथ एकजुटता के साथ खड़ा है।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति सचिवालय में विजिटर्स बुक पर हस्ताक्षर किया। श्रीलंका के राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना भी उनके साथ मौजूद थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीलंका के विपक्ष के नेता और पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे से मुलाकात की।

प्रधानमंत्री मोदी ने कोलंबो में तमिल नेशनल अलायंस (TNA) के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की।

श्रीलंका से लौटकर प्रधानमंत्री मोदी आज ही तिरुपति के तिरुमाला मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी भी उनके साथ मौजूद रहेंगे। विदेश दौरे के पहले दिन पीएम मोदी शनिवार को मालदीव पहुंचे थे। इस दौरान भारत और मालदीव के बीच 6 समझौते हुए। मालदीव ने प्रधानमंत्री मोदी को विदेशियों को दिए जाने वाले अपने सर्वोच्च सम्मान "रूल ऑफ निशान इज्जुद्दीन" से सम्मानित किया। 

पीएम मोदी ने मालदीव की संसद मजलिस को भी संबोधित किया। इस दौरान पीएम ने आतंकवाद के मुद्दे को लेकर पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा, सरकार प्रायोजित आतंकवाद इस समय की सबसे बड़ी चुनौती है। यह खतरा एक देश या एक क्षेत्र के लिए नहीं बल्कि पूरी मानवता के लिए है। पूरे विश्व के लिए हैं। आतंकियों के न तो अपने बैंक होते हैं और ना ही हथियारों की फैक्ट्री, फिर भी उन्हें पैसे और हथियारों की कमी नहीं होती।

पीएम ने ये भी कहा कि, यह दुर्भाग्य है लोग अब भी अच्छा आतंकी और बुरा आतंकी का भेद करने की गलती कर रहे हैं। आतंकवाद की चुनौती से निपटने के लिए सभी मानवतावादी शक्तियों का एकजुट होना जरूरी है। 

Created On :   9 Jun 2019 3:23 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story