राजनीति: गिरीश महाजन ने तिरंगा यात्रा में लिया हिस्सा, बोले- 'इंडिया गठबंधन में एकता नहीं'

गिरीश महाजन ने तिरंगा यात्रा में लिया हिस्सा, बोले- इंडिया गठबंधन में एकता नहीं
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सेना का मनोबल बढ़ाने और राष्ट्रीय एकता को प्रदर्शित करने के लिए जलगांव में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। इस यात्रा में भाजपा के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।

जलगांव, 16 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सेना का मनोबल बढ़ाने और राष्ट्रीय एकता को प्रदर्शित करने के लिए जलगांव में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। इस यात्रा में भाजपा के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।

इस दौरान मंत्री गिरीश महाजन ने इंडिया ब्लॉक और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "इंडिया गठबंधन में कोई एकता नहीं है। न संसद में, न बाहर, इनके बीच कोई सहमति नहीं है। कांग्रेस की नीतियां भी स्पष्ट नहीं हैं।

संजय राउत के बयानों पर तंज कसते हुए महाजन ने कहा, "राउत जो बोलते हैं, उसे अब कोई गंभीरता से नहीं लेता। वे बस बकवास करते हैं। युद्ध चल रहा हो तो मोदी को इस्तीफा देना चाहिए, सैनिकों के बारे में आपत्तिजनक बातें कहने पर अमित शाह को इस्तीफा देना चाहिए, ऐसी बातों का कोई मतलब नहीं। संजय राउत की बातों को नजरअंदाज करना ही बेहतर है।

पी चिदंबरम के बयान पर मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि वे जो कह रहे हैं उसमें गलत क्या है? आज इंडिया ब्लॉक में कोई आम सहमति नहीं है, चाहे वह संसद में हो या कहीं और, इनके बीच मतभेद हैं। किस मुद्दे पर इंडिया फ्रंट की एक राय नहीं है? इसलिए मुझे लगता है कि वे काफी अलग हैं। हम देख रहे हैं कि कांग्रेस के साथ क्या हुआ है। किसी को समझ नहीं आ रहा कि उनकी नीति क्या है। इसलिए भारतीय जनता पार्टी देश की एकमात्र ऐसी पार्टी है जो पूर्णतः संगठित है। हमारे नेताओं के निर्णय सभी को स्वीकार्य हैं। हमारे बीच कोई झगड़ा नहीं है। हमारे सभी सहयोगी पूरी ईमानदारी से हमारे साथ हैं।

पाकिस्तान के मुद्दे पर महाजन ने कहा, "पाकिस्तान की हालत खस्ता है। उनके सैनिकों के पास कपड़े और जूते तक नहीं हैं। उनकी हर कोशिश को हमने नाकाम किया है। युद्ध को स्थगित किया गया है, लेकिन अगर पाकिस्तान ने फिर कोई आतंकी हमला किया तो उसका नाम नक्शे से मिटा दिया जाएगा।

इस समारोह में मंत्री गिरीश महाजन, सांसद स्मिता वाघ और विधायक सुरेश भोले ने हाथों में तिरंगा थामकर यात्रा में हिस्सा लिया। जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, स्कूली छात्रों सहित हजारों लोग इस आयोजन का हिस्सा बने। इस दौरान पूरे शहर में रैलियां निकाली गईं, जिनमें 100 फुट ऊंचा तिरंगा लहराया गया और 'भारत माता की जय', 'वंदे मातरम' जैसे नारे गूंजे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 May 2025 12:07 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story