भारत जोड़ो न्याय यात्रा: 'थोड़ा सा दबाव पड़ता है और नीतीश कुमार यू-टर्न ले लेते हैं...' सीएम नीतीश के पलटी मारने के बाद राहुल की पहली प्रतिक्रिया

थोड़ा सा दबाव पड़ता है और नीतीश कुमार यू-टर्न ले लेते हैं... सीएम नीतीश के पलटी मारने के बाद राहुल की पहली प्रतिक्रिया
  • भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने नीतीश पर साधा निशाना
  • राहुल बोले- दबाव पड़ता है और नीतीश कुमार यू-टर्न ले लेते हैं...
  • बिहार में जारी है राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का बिहार में आज दूसरा दिन है। राहुल गांधी ने पूर्णिया में जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में गांधी ने नीतीश कुमार पर निशाना साधा। इस दौरान राहुल गांधी कहते हैं कि हमने नीतीश जी से कहा था कि आपको बिहार में जातिगत जनगणना करवानी होगी। लेकिन BJP नहीं चाहती थी कि बिहार में जातिगत जनगणना हो, क्योंकि वे देश को सच बताने से डरते हैं। BJP नहीं चाहती कि जनता का ध्यान सामाजिक न्याय पर जाए। बिहार में महागठबंधन सामाजिक न्याय के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगी। हमें नीतीश कुमार की जरूरत नहीं है।

बिहार की सियासत में नीतीश के एक बार फिर पलटी मारने पर राहुल गांधी ने कहा, "नीतीश जी पर थोड़ा सा दबाव पड़ता है और वे(नीतीश कुमार) यू-टर्न ले लेते हैं।''

5 न्याय की बात

'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' में हम 5 न्याय की बात कर रहे हैं। इसमें एक न्याय 'भागीदारी न्याय' है। इस देश की सरकारी संस्थाओं को 90 अफसर चलाते हैं, जिनमें सिर्फ 3 अफसर OBC वर्ग के हैं। इस सरकार में OBC, SC-ST वर्ग के लोगों की कोई भागीदारी नहीं है। आपको मीडिया, टीवी या कंपनियों के मालिक भी OBC, SC-ST या आदिवासी वर्ग से नहीं मिलेंगे। इससे ये साफ है कि हिंदुस्तान के किसी भी क्षेत्र में OBC, SC-ST और आदिवासियों को न्याय नहीं मिल रहा है। हजारों साल से बिहार इस देश को सामाजिक और आर्थिक न्याय की राह दिखा रहा है। महात्मा गांधी जी की तपस्या बिहार के चंपारण में शुरू हुई थी। BJP के लोग आपका ध्यान इधर-उधर भटकाते हैं, क्योंकि वे नहीं चाहते कि आप जरूरी मुद्दों पर बात करें।

हिंदुस्तान का एक 'एक्स-रे' किया जाए- राहुल

राहुल गांधी ने आगे कहा कि समय आ गया है कि हिंदुस्तान का एक 'एक्स-रे' किया जाए, ताकि पता चले कि इस देश में किसकी कितनी आबादी है। लोगों की गिनती हो जाए। यह पता चले कि देश में किस वर्ग के कितने लोग हैं। देश में कितने गरीब और कितने अमीर हैं। यही सामाजिक न्याय का पहला कदम है।

बीजेपी पर निशाना

राहुल गांधी ने कहा कि BJP देश में नफरत और हिंसा फैला रही है। वे चाहते हैं कि आप इसमें उलझे रहें और आर्थिक-सामाजिक न्याय की बात न करें। हमने मणिपुर से 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' शुरू की है। हमने यह यात्रा मणिपुर से इसलिए शुरू की क्योंकि BJP-RSS की विचारधारा ने मणिपुर को जला दिया है। मणिपुर में लोग मर रहे हैं, घर जलाए जा रहे हैं, लेकिन PM मोदी आज तक मणिपुर नहीं गए। अब यह यात्रा मणिपुर से बिहार आई है। हम यहां आपके मन की बात सुनना चाहते हैं। बिहार की जनता ने हमें जो प्यार और जनसमर्थन दिया है, उसके लिए मैं आपको धन्यवाद देना चाहता हूं।

Created On :   30 Jan 2024 11:32 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story