Rajya Sabha Elections 2026: राज्यसभा चुनाव से पहले एक बार फिर तेजस्वी यादव और अख्तरुल ईमान की हुई मुलाकात, इफ्तार पार्टी में शामिल होने के बाद क्या बोले RJD नेता

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में राज्यसभा चुनाव 2026 को लेकर सियासी पारा हाई है। सभी पार्टियां जोड़-तोड़ की कोशिश में लगी हैं। इसी बीच विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और RJD नेता तेजस्वी यादव रविरार (15 मार्च) को AIMIM नेता के आवास पर पहुंचे। इस दौरान वह इफ्तार पार्टी में शामिल हुए। यह आयोजन बिहार में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान के घर पर किया गया था। राज्यसभा चुनाव के ठीक एक दिन पहले तेजस्वी यादव का AIMIM नेता के घर आना एक बड़ा संकेत माना जा रहा है।
राज्यसभा चुनाव को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा, "AIMIM पार्टी की ओर से अख्तरुल ईमान ने हमें इफ्तार का निमंत्रण दिया था। हम आज यहां इफ्तार पार्टी में पहुंचे हैं। AIMIM पार्टी से हमने समर्थन मांगा है और मुझे भरोसा है कि कल जो राज्यसभा चुनाव होने जा रहा है, उसमें हम सभी धर्मनिरपेक्ष दल मिलकर भारतीय जनता पार्टी को हराएंगे।"
तेजस्वी यादव प्रत्याशी को जिताने के लिए बिठा रहे गठित
राज्यसभा चुनाव के लिए महागठबंधन की ओर से एडी सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है। उनके पास कुल 35 विधायक हैं। एक उम्मीदवार को राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए 41 विधायकों का समर्थन चाहिए। महागठबंधन को यह चुनाव जीतने के लिए 6 और विधायकों की जरूरत है इसलिए वह AIMIM पार्टी के पांचों विधायकों का समर्थन पाने में लगे हैं। इसके साथ ही अगर बीएसपी का भी समर्थन मिलता है तो जीत मिल जाएगी।
दोनों नेताओं ने बातचीत को बताया सकारात्मक
इसके पहले भी एआईएमआईएम नेता अख्तरुल ईमान और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के बीच बातचीत हो चुकी थी। दोनों नेताओं ने इस मुलाकात को सकारात्मक बताया था। गौरतलब है कि राज्यसभा चुनाव को लेकर 16 मार्च को वोटिंग और इसी दिन मतगणना के बाद नतीजे भी आएंगे।
Created On :   15 March 2026 10:30 PM IST












