Delhi politics: दिल्ली में AAP विधायक की गाड़ी पर हमला, हमलावर की तलाश में जुटी पुलिस

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के कोंडली विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक कुलदीप कुमार की गाड़ी पर हमला किया गया। घटना सोमवार शाम की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक हमलावर ने विधायक की गाड़ी का शीशा तोड़ दिया।
घटना राष्ट्रीय राजधानी के मधु विहार थाना क्षेत्र के हसनपुर डिपो के पास स्थित सिंगला स्वीट्स के बाहर की है। उस समय विधायक की गाड़ी वहां खड़ी थी। हमले के वक्त विधायक कुलदीप कुमार वहां मौजूद नहीं थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही हैं।
'जनप्रतिनिधी सुरक्षित नहीं तो जनता..'
वहीं कुलदीप कुमार ने इस मामले में कहा, "मैं एक विधायक हूं। जनता ने मुझे अपनी आवाज़ बनाकर भेजा है, लेकिन आज हालत ये है कि मेरी ही गाड़ी पर पुलिस की गाड़ी की मौजूदगी में हमला हो जाता है। अगर एक जनप्रतिनिधि सुरक्षित नहीं है, तो आम आदमी की सुरक्षा का अंदाज़ा लगाना मुश्किल नहीं, बल्कि डरावना है।"
उन्होंने आगे कहा, "दिल्ली की कानून व्यवस्था अब पूरी तरह ‘भगवान भरोसे’ चल रही है। बीजेपी सरकार हर मंच से बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन हकीकत सड़कों पर साफ दिखाई दे रही है-जहां अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सरकार सिर्फ बयान देने में व्यस्त है। क्या यही है वो मजबूत सरकार जिसका वादा किया गया था? जहां विधायक तक सुरक्षित नहीं, वहां आम जनता के साथ क्या हो रहा होगा, इसका जवाब कौन देगा?"
'दिल्ली में कानून का राज नहीं'
आप विधायक ने दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "सच्चाई ये है कि दिल्ली में कानून का राज नहीं, बल्कि गुंडों माफिया ओर चाकू बाजों ओर नशा बेकन वालों का राज चल रहा है और बीजेपी सरकार इसे स्वीकार करने के बजाय आँखें मूंदे बैठी है। मैं इनसे डरने वाला नहीं हूँ में ऐसे ही अन्याय के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाता रहूंगा। मैं अरविंद केजरीवाल जी का सिपाही हूँ!"
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस ने बताया कि 23 मार्च शाम करीब 7 बजे मधु विहार में एक सूचना मिलते ही, एसीपी मधु विहार और एसएचओ मधु विहार, पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। शिकायतकर्ता ने एक लिखित शिकायत दर्ज कराई है और कहा है कि उन्हें इस घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति पर न तो संदेह है और न ही उन्होंने किसी की पहचान की है। दोषियों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
Created On :   24 March 2026 1:02 AM IST












