Parliamentary Budget Session: पीएम मोदी के भाषण पर प्रियंका चतुर्वेदी ने दी प्रतिक्रिया, कहा - 'मैं PM के भाषण का स्वागत करती हूं, ऐसी...'

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध पर संबोधन दिया था। इसे लेकर शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका, इजरायल और ईरान युद्ध का भारत पर गहरा असर पड़ा है क्योंकि हमारी ऊर्जा सुरक्षा का एक बड़ा हिस्सा युद्धग्रस्त क्षेत्र से आता है। शिवसेना (यूबीटी) नेता ने ये भी कहा कि पीएम मोदी को युद्ध के एक हफ्ते के अंदर देश की जनता को आश्वस्त करते हुए ऊर्जा भंडार को लेकर बेहतर तैयारी करनी चाहिए थी।
पीएम मोदी के अभिभाषण पर प्रियंका चतुर्वेदी ने दी प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, "मेरा मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इजरायल और ईरान में युद्ध के एक हफ्ते के भीतर ही देश की जनता को आश्वस्त करना चाहिए था, और हमें नियमों पर आधारित व्यवस्था के बिगड़ने पर स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए था, साथ ही स्टॉक रिजर्व के मामले में बेहतर तैयारी करनी चाहिए थी, फिर भी मैं पीएम मोदी के संबोधन का स्वागत करती हूं।"
उन्होंने आगे कहा, ''युद्ध का प्रभाव पूरी दुनिया झेल रही है, भारत पर गहरा असर पड़ा है क्योंकि हमारी ऊर्जा सुरक्षा का एक बड़ा हिस्सा युद्धग्रस्त क्षेत्र से आता है इसलिए यह जानना बेहद अहम था कि हम इसके नतीजों से निपटने के लिए कहां खड़े हैं। उम्मीद है कि स्थिति और नहीं बिगड़ेगी और सभी पक्षों में समझदारी आएगी।''
पीएम मोदी ने लोकसभा में दिया अभिभाषण
पीएम मोदी ने लोकसभा में अभिभाषण देते हुए कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध ने भारत के समक्ष अप्रत्याशित चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। यह जरूरी है कि संसद से एकजुट आवाज दुनिया में जाए। उन्होंने भरोसा दिलाते हुए कहा, "मैं देश के किसानों को विश्वास दिलाता हूं कि सरकार उनकी हर संभव मदद करती रहेगी।"
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, "वाणिज्यिक पोतों पर हमला और होर्मुज जैसे जलमार्ग को रोकना अस्वीकार्य है, बातचीत और कूटनीति ही समस्या का समाधान है। हमें तैयार रहना होगा और साथ ही एकजुट भी रहना होगा। हम कोरोना काल के दौरान भी ऐसी चुनौती का सामना कर चुके हैं।"
Created On :   23 March 2026 8:48 PM IST












