भारत जोड़ो न्याय यात्रा: सीट शेयरिंग डील पक्की होने के बाद अब एक साथ दिखेंगे 'यूपी के लड़के', ताज नगरी में सपा और कांग्रेस की दिखेगी ताकत

सीट शेयरिंग डील पक्की होने के बाद अब एक साथ दिखेंगे यूपी के लड़के, ताज नगरी में सपा और कांग्रेस की दिखेगी ताकत
  • भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान एक साथ दिखेंगे 'यूपी के लड़के'
  • अखिलेश यादव आगरा में राहुल गांधी की यात्रा में होंगे शामिल
  • उत्तर प्रदेश में बीते ही दिन सपा-कांग्रेस के बीच हुई डील

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन पर फाइनल मुहर लग चुकी है। इस बीच यूपी कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अखिलेश यादव, 25 फरवरी को राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होंगे।

न्यूज एजेंसी एएनआई से यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा, "यात्रा 25 तारीख को आगरा में होगी। हमने यहां सपा कार्यालय में निमंत्रण पत्र दिया ताकि वे यात्रा में शामिल होकर इंडिया गठबंधन को मजबूत संदेश देने का काम करें। वे सभी 25 को वहां पर यात्रा में शामिल होंगे।"

इससे पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा था कि जब तक सीट शेयरिंग को लेकर मामला साफ नहीं हो जाता है, तब तक वह राहुल गांधी की यात्रा में शामिल नहीं होंगे। ऐसे में अब कांग्रेस और सपा के बीच गठबंधन फाइनल हो गया है तो अखिलेश यादव भी आगरा में अपने पुराने साथी के साथ यात्रा के दौरान लाल गाड़ी में दिखेंगे।

गौरतलब है कि, बीते ही दिन यूपी में सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर बात फाइनल हुई है। इसके बाद से ही दोनों ही पार्टी पूरी ताकत के साथ लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। जहां सपा प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से धीरे-धीरे अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर रहे हैं। वहीं, राहुल गांधी लगातार अपनी यात्रा के जरिए यूपी में कांग्रेस की खोई हुई जनाधार को बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

बता दें कि, सपा ने यूपी में कांग्रेस को 17 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऑफर दिया है। वहीं, सपा अपने छोटे साथियों के साथ यूपी में 63 सीटों पर चुनाव लड़ती हुई नजर आएगी। पहले माना जा रहा था कि अखिलेश यादव अब कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं करेंगे। साथ ही, वह राहुल गांधी की यात्रा में भी शामिल नहीं होंगे। दोनों ही पार्टी के बीच सीट शेयरिंग को लेकर मामला अटका हुआ था। जिसके चलते अखिलेश यादव नाराज चल रहे थे। लेकिन, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के एक फोन कॉल से यूपी में विपक्ष की पूरी रणनीति में बदल गई। अब एक बार फिर कांग्रेस और सपा वापस एक पटरी पर आ गए हैं।

Created On :   22 Feb 2024 1:37 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story