Datia Bankipur Bypoll Result: बांकीपुर-दतिया उपचुनाव के नतीजों पर बोले अखिलेश यादव, युवाओं की एकता और आक्रोश का परिणाम भाजपा को मिला

बांकीपुर-दतिया उपचुनाव के नतीजों पर बोले अखिलेश यादव, युवाओं की एकता और आक्रोश का परिणाम भाजपा को मिला

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। मध्य प्रदेश के दतिया और बिहार के बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे आ चुके हैं। बांकीपुर और दतिया में भारतीय जनता पार्टी का कमल नहीं खिल सका। बांकीपुर में प्रशांत किशोर और दतिया में कांग्रेस के घनश्याम सिंह ने जीत दर्ज की है। इसी बीच सपा पार्टी चीफ अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि भगवान को नचाने का अहंकार रखनेवालों को भगवान ने ही नचा दिया। अपने को भगवान से ऊपर समझनेवालों को भगवान ने चलती गाड़ी से नीचे उतार दिया है और साथ ही उनके घमंड का बुख़ार भी।

सपा प्रमुख ने पेपर लीक, वोट चोरी, मंदिरों में दान की चोरी, भ्रष्टाचार और महंगाई समेत अन्य मुद्दों का जिक्र करते हुए बीजेपी सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा यह युवाओं की एकता और उनके अभिभावकों के आक्रोश का संयुक्त परिणाम है।

भाजपा ने जनता के विश्वास को ठगा- अखिलेश

अब तो भाजपावाले भी अपने ही ‘किसी’ का इस्तीफ़ा माँगेंगे क्योंकि जो अपनी ही विधानसभा हार गये उनके भरोसे नाव कैसे पार होगी। दरअसल ये हार उनकी है जिन्होंने उनको चुना था या कहें संगठन पर अपनी मर्ज़ी की तरह थोपा था। अब तो कोई ये भी नहीं कह सकता है कि ‘भाजपा में इस्तीफ़े नहीं होते हैं।’

सबसे ज़्यादा खुश तो उप्र में ‘वो’ हैं, जिनको ‘पीडीए’ समाज का होने की वजह से राष्ट्रीय स्तर का पद न देकर जानबूझकर राज्य स्तर का पद दिया गया था। आज तो वो भी मुस्कुराकर पूछ रहे हैं- ‘5 बड़ा या 7’। वैसे जनता ये भी कह रही है कि जब राष्ट्रीय अध्यक्ष विधानसभा नहीं जिता पाये तो राज्य-अध्यक्ष तो विधानसभा लड़वा भी नहीं पाएंगे।

ये डबल इंजन की डबल हार- अखिलेश

भाजपा की हार मतलब बदलाव की शुरुआत! भाजपा की सबसे सुरक्षित और परंपरागत सीटें भी अब उनकी हार नहीं बचा पाएंगी। अब भाजपा का संकट हार से बढ़कर इस बात का होगा कि उनका टिकट लेनेवाला ‘ड्रोन और दूरबीन’ से भी ढूंढे नहीं मिलेगा।

सभी विजयी उम्मीदवारों को जीत की बधाई और नई उम्मीदों पर खरे उतरने के लिए सजग-सचेत और संविधान के प्रति वचनबद्ध रहने की अपेक्षा। उन्होंने पोस्ट में लिखा, 'लड्डू तो भाजपा के अंदर भी बंट रहे हैं।'

Created On :   3 Aug 2026 8:38 PM IST

Tags

Next Story