उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027: 'किसी बात को लेकर नाराजगी होगी लेकिन...', मायावती के सवाल पर अखिलेश यादव ने कही ये बड़ी बात

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के मुखिया और कन्नौज सांसद अखिलेश यादव ने रविवार को कई मुद्दों को लेकर अपनी बात रखी। इस दौरान उन्होंने उत्तरप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाजवादी पार्टी की चीफ मायावती को लेकर पूछे गए सवाल पर नरम रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि वो सारे दलितों और पिछड़ों का सम्मान करते हैं, किसी बात को लेकर नाराजगी होगी लेकिन उनका सम्मान करते हैं। पिछली बार जो गठबंधन टूटा था उसका ठीकरा अखिलेश यादव ने बीजेपी पर फोड़ा।
यह भी पढ़े -उत्तराखंड के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सक्रिय, जनता तक इन मुद्दों को लेकर पहुंचेंगे कार्यकर्ता
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अखिलेश यादव ने की चर्चा
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अखिलेश यादव ने चर्चा की। उन्होंने कहा, "बुलडोजर पर दिमाग नहीं होता, बस उसका ड्राइवर बदल जाएगा। बदलाव आप यही देखेंगे, हम सीएम बन जाएंगे। आने वाले 5 राज्यों के चुनाव में हम 'इंडिया' अलायंस को समर्थन देंगे। असम में एक सीट मांगी है, नहीं हुआ तो समर्थन करेंगे।"
इस दौरान उन्होंने देशभर में एलपीजी सिलेंडर की शॉर्टेज को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी में तो आज गैस सिलेंडर ऑनलाइन बुक कीजिए Error दिखाता है। एसआईआर के मुद्दे पर पूर्व सीएम ने कहा, ''बीजेपी SIR नहीं लाई, NRC लाई थी। यूपी के लोग यह समझ गए थे, कभी नंदलाल और कभी दशरथ की बात कर रहे थे। मैने देखा कि यूपी उपचुनाव में जैसे बीजेपी वालों ने लूट किया और चुनाव आयोग आंख बंद करके बैठा था।''
यूपी पुलिस एसआई परीक्षा के प्रश्न को लेकर उन्होंने कहा, ''ये अंडरग्राउंड लोग कर क्या रहे हैं? इनको ध्यान देना चाहिए कि यह लोग कर क्या कर रहे हैं। अंडरग्राउंड लोग कैसा पेपर बना रहे हैं? पेपर लीक करना इस सरकार की पुरानी आदत है।''
उन्होंने आगे कहा, ''हमारे यूपी के सीएम आखिरी वक्त पर MOU कर रहे हैं। इन्होंने यह महाराष्ट्र से सीखा है। अपने लोगों को ले जाएं। जो सपा के दौरान डील थी वही तो किया है। कुछ नया नहीं किया है। भारत के ही लोग दूसरी धरती पर जाकर MOU कर रहे हैं। यह जमीन पर कितना हकीकत है। देश के पीएम को उत्तर प्रदेश की जनता ने भी वोट दिया है तो उनसे हिसाब तो मांगेगी।
यह भी पढ़े -पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले सीएम ममता बनर्जी का बड़ा दांव, पुजारी-मुअज्जिनों का मानदेय बढ़ाने का ऐलान
अखिलेश यादव ने यूपी में सपा की उपलब्धियां गिनाई
अखिलेश यादव ने ये भी कहा, ''राज ठाकरे से मेरा बहुत अच्छा रिश्ता है, यह सिर्फ वोट लेने का तरीका हो सकता है। बंटवारे से कुछ नहीं होता है, उससे देश और समाज नहीं बनता है। हम यूपी के लोग गुजरात वालों का आना मना कर दें तो यह चुनाव कहां से लड़ेंगे? अब जब यूपी से नहीं लड़ेंगे मोदी जी तो कहा जायेंगे? क्या उनको महाराष्ट्र में चुनाव लड़ने देंगे।
मुबंई में आयोजित समाजवादी पार्टी के कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने अपने कार्यकाल के दौरान यूपी में किए गए कामों को गिनवाया। उन्होंने कहा, ''हमने अपने सरकार के दौरान एक छोटा बदलाव किया था कि ग्रीन बेल्ट बनाने के लिए पहला पेड़ कोई मंत्री या नेता नहीं लगाएगा बल्कि आखिरी पेड़ लगाएगा। इसकी वजह से विभागों पर जोर पड़ा और उन्होंने जब पूरा ग्रीन बेल्ट बना लिया तो आखिरी पेड़ लगाने के लिए नेता या मंत्री को आमंत्रित किया जा रहा था। यह वजह थी कि हमारी सरकार में सबसे ज्यादा पेड़ लगे और उत्तर प्रदेश में वन क्षेत्र बढ़ा।
उन्होंने ये भी कहा कि समाजवादी पार्टी को गांव की पार्टी कहा जाता था, हमें अंग्रेजी के खिलाफ कहा जाता था लेकिन जैसे हमने यह फैसला लिया की हम पढ़ाई के लिए बच्चों को लैपटॉप देंगे, सारे अखबारों में हेडलाइन छपी थी। आज तक इस लैपटॉप डिस्ट्रीब्यूशन की प्रक्रिया पर कोई भी एक सवाल नहीं उठा पाया है।
यूपी के पूर्व सीएम ने आगे कहा, ''कल्चरल क्रिएटिविटी के लिए भी हम लोगों ने अपनी सरकार में बहुत काम किया, उस दौरान जो हमने फैसले लिए उस वजह से उत्तर प्रदेश में फिल्में बनने लगी, सीरियल बनने लगी, हमारे लोक कलाकारों को काम मिला और आज भी जो सरकार है वो इस पॉलिसी को आगे बढ़ा रही है। सांसद मिलिंद देवड़ा ने जो मुंबई के साइकिल वे का वीडियो शेयर किया। मै बता दूं कि हमने 2006 में ही बनाया था।''
Created On :   15 March 2026 6:40 PM IST












