भाजपा में बॉक्सर: कांग्रेस को लगा एक और बड़ा झटका, बॉक्सर विजेंदर सिंह ने ज्वाइन की बीजेपी

कांग्रेस को लगा एक और बड़ा झटका, बॉक्सर विजेंदर सिंह ने ज्वाइन की बीजेपी
  • कांग्रेस को लगा एक और बड़ा झटका
  • बॉक्सर विजेंदर सिंह बीजेपी में हुए शामिल
  • भाजपा मुख्यालय में ग्रहण की सदस्यता

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इंटरनेशनल बॉक्सर विजेंदर सिंह ने आगामी लोकसभा चुनाव से पहले बुधवार को कांग्रेस छोड़ बीजेपी का दामन थाम लिया है। उन्हें पार्टी की सदस्यता बीजेपी महासचिव विनोद तावड़े ने पार्टी मुख्यालय में दिलाई है। इस दौरान तावड़े ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प पूरा करने के लिए विजेंदर सिंह भाजपा में शामिल हो गए हैं। उनके पार्टी में आने से भाजपा सशक्त होगी और अपने को लक्ष्य हासिल करेगी। बता दें, विजेंदर सिंह को मुक्केबाजी के लिए पद्मश्री और अर्जुन अवॉर्ड से नवाजा गया है।

भाजपा ज्वाइन करने पर विजेंदर सिंह ने अपनी घर वापसी की बात कही है। उन्होंने कहा है कि भाजपा में आकर काफी अच्छा लग रहा है। देश से लेकर विदेशों तक भारतीय खिलाड़ियों का सम्मान बढ़ा है। यह सब भाजपा की सरकार के रहते हुआ है। उन्होंने कहा कि मैं पहले वाला ही विजेंदर हूं। मैं गलत को गलत और सही को सही बोलने का साहस रखूंगा।

कांग्रेस से राजनीति में रखा था कदम

साल 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले विजेंदर सिंह ने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। तब उन्होंने दक्षिण दिल्ली लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। मगर, उन्हें बीजेपी के रमेश बिधूड़ी से चुनाव में शिकस्त मिली थी। चुनाव के नतीजों में बिधूड़ी को 6 लाख 87 हजार से अधिक वोट हासिल हुए थे। इसके बाद आम आदमी पार्टी से राघव चड्ढा को 3 लाख 19 हजार से अधिक वोट मिले थे। फिर अंत में विजेंदर को 1 लाख 64 हजार से अधिक वोट प्राप्त हुए थे।

कयास लगाया जा रहा है कि इस बार विजेंद्र सिंह बीजेपी के टिकट पर चुनावी मैदान में उतरेंगे। वहीं, इससे पहले कांग्रेस ने विजेंदर का टिकट पर मुहर नहीं लगाई थी। तब कहा जा रहा था कि कांग्रेस उन्हें मथुरा लोकसभा सीट से प्रत्याशी बना सकती हैं। इस सीट पर उनका नाम लगभग तय माना जा रहा था। लेकिन, विजेंदर सिंह ने आधिकारिक रूप से इन खबरों की पुष्टि नहीं की थी।

साल 2008 ओलंपिक में जीता था ब्रॉन्ज मेडल

विजेंदर सिंह हरियाणा के भिवानी जिले के निवासी हैं। वह जाट समाज से ताल्लुक रखते हैं। इस लिहाज से भाजपा को यूपी की पश्चिमी सीट और हरियाण की अन्य सीटों पर फायदा हो सकता है। साल 2008 में आयोजित बीजिंग ओलंपिक में विजेंदर ने भारत को ब्रॉन्ज मेडल जिताया था। इसके अलावा उन्होंने एशियन्स गेम्स में भी गोल्ड मेडल जीता था। कांग्रेस में रहते हुए विजेंदर केंद्र की मोदी सरकार के प्रति काफी हमलावर रहे हैं। वह हर मुद्दे पर अपना स्पष्ट रुख रखते हैं।

विजेंदर के भाजपा में आने से पार्टी हरियाणा और यूपी में जाट बहुल क्षेत्रों में अपनी पैठ बनाने का प्रयास कर सकता है। गौरतलब है कि साल 2020 के किसान आंदोलन में विरेंदर सिंह ने केंद्र सरकार का विरोध किया था।

Created On :   3 April 2024 9:47 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story