बिहार चुनाव 2025: 'जो भी सरकार के खिलाफ खड़ा होगा, उसे सरकार लाठी से मारेगी', प्रशांत किशोर ने बीजेपी और सीएम नीतीश पर साधा निशाना

- बिहार विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही गरमाई सियासत
- नेता एक दूसरे पर जमकर कर रहे जुबानी हमले
- प्रशांत किशोर ने अपराध और पलायन जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को खेरा
डिजिटल डेस्क, पटना। विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही बिहार में सियासत गरमाती जा रही है। सभी दलों के नेता एक-दूसरे पर जमकर जुबानी हमले कर रहे हैं। इसी क्रम में जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बीजेपी और सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा है।
बिहार लोकतंत्र नहीं लाठीतंत्र है
गुरुवार को कैमूर के भभुआ में बिहार बदलाव जनसभा करने पहुंचे प्रशांत किशोर ने मीडिया से बात की। उन्होंने पटना में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर कहा कि बिहार में अभी लोकतंत्र नहीं, बल्कि "लाठीतंत्र" है। उन्होंने कहा, "जो भी सरकार के खिलाफ खड़ा होगा, उसे सरकार लाठी से मारेगी। यह पहली घटना नहीं है। पिछले तीन सालों में लगभग 80 बार इन्होंने लाठी चलवाई है। शिक्षक, रसोइए, आशा कार्यकर्ता, स्टूडेंट्स जो भी आवाज उठाने गया, उस पर लाठी चली है। जन सुराज के आने के बाद से यह थोड़ा कम हुआ है। अब सिर्फ तीन महीना रह गया है। लोग तैयार हैं, इन्हें अब और मौका नहीं मिलेगा।"
पलायन राज्य का सबसे बड़ा दर्द
प्रशांत किशोर ने इस दौरान पलायन को बिहार का सबसे बड़ा दर्द बताया और किशनगंज के एक किशोर के साथ हरियाणा में हुई घटना को लेकर भाजपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि 15 साल के बच्चे से गुलामों की तरह मजदूरी कराई गई, हाथ कट गया तो इलाज नहीं कराया गया। वह बच्चा 150 किलोमीटर पैदल चलकर वहां से भागकर आया, लेकिन हरियाणा की भाजपा सरकार इस पर चुप्पी साधे हुए है। बावजूद इसके भाजपा नेता बिहार आकर वोट मांग रहे हैं।
ट्रंप का जयकारा लगाते थे बीजेपी वाले
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाए जाने के सवाल पर भी प्रशांत किशोर ने भाजपा पर तंज कसते हुए हमला किया। उन्होंने कहा, "भाजपा के ही लोग थे जो भारत को विश्वगुरु बता रहे थे और ट्रंप का जयकारा कर रहे थे। भाजपा समर्थक कहते थे कि ट्रंप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से डरते हैं, लेकिन अब वही ट्रंप ने चीन के बाद सबसे ज्यादा टैरिफ भारत पर लगाया है।"
Created On :   8 Aug 2025 5:55 AM IST