Rabri Devi housing case: 'जोड़ जल जाता है ऐंठन नहीं जाता..', राबड़ी देवी के आवास को लेकर हो रहे विवाद पर गिरिराज सिंह का बड़ा बयान

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार की पूर्व सीएम और लालू यादव की पत्नी राबड़ी देवी के सरकारी आवास खाली कराने को लेकर लगातार सियासत हो रही है। अब इस मामले पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह संवैधानिक प्रक्रिया है, इसमें जिद करना सही नहीं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, "एक गांव की कहावत है, जोड़ जल जाता है ऐंठन नहीं जाता है। क्या बंगला किसी व्यक्ति को मिलता है या विधायक, सांसद, विधान परिषद के सदस्य, नेता प्रतिपक्ष, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री को मिलता है? यह एक संवैधानिक प्रक्रिया है। इस पर मुझे लगता है जिद करना उचित नहीं है।"
वहीं, आरजेडी इसे संवैधानिक प्रक्रिया मानने को तैयार नहीं है। पार्टी ने दो टूक कहा है कि राबड़ी देवी अपना आवास खाली नहीं करेंगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आधिकारिक आवास 1, अणे मार्ग के ठीक सामने स्थित 10, सर्कुलर रोड का बंगला किसी भी सूरत में खाली नहीं किया जाएगा। उन्होंने सत्ताधारी एनडीए पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह फैसला हमारे नेता लालू यादव के प्रति उनकी दुर्भावना को दर्शाता है।
उन्होंने आगे कहा, 'सीएम नीतीश कुमार ने आखिर दो दशक बाद विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष के लिए सरकारी आवास चिह्नित करने का फैसला क्यों लिया? और यदि यह जरूरी था, तो सरकार ने 10, सर्कुलर रोड को ही क्यों नहीं चिह्नित किया? उन्हें यह ध्यान रखना चाहिए था कि इस आवास के निवासी लालू प्रसाद और राबड़ी देवी दोनों मुख्यमंत्री रह चुके हैं।'
यह भी पढ़े -राबड़ी देवी सर्कुलर हाउस खाली करने से कर दें इनकार तो क्या होगा? जानें क्या करेगी बिहार सरकार
मंगनी लाल मंडल ने नीतीश कुमार पर आरोप लगाया कि उन्होंने बीजेपी को खुश करने के लिए राबड़ी देवी का आवास खाली कराने का फैसला लिया। आरजेडी अध्यक्ष ने कहा, 'जनता दल यूनाइटेड (JDU) प्रमुख अपने गठबंधन सहयोगी की आक्रामकता से हिल गए हैं, जिसके चलते उन्हें अपना प्रिय गृह विभाग छोड़ना पड़ा। इसलिए BJP की लालू जी के प्रति दुर्भावना को ध्यान में रखते हुए नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके साथियों को खुश करने के लिए हमारे नेता का ‘अपमान’ किया है।'
बता दें कि 25 नवंबर को बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग ने अधिसूचना जारी कर राबड़ी देवी को उनका आवास शिफ्ट करने का नोटिस जारी किया था।
Created On :   26 Nov 2025 10:57 PM IST













